विश्व पर्यावरण दिवस-2025 पखवाड़ा के समापन समारोह में “अर्पिता महिला मंडल” ने किया वृक्षारोपण

रांची। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने अर्पिता महिला मंडल के सहयोग से गांधी नगर स्थित कार्यकारी छात्रावास प्रांगण में विश्व पर्यावरण दिवस-2025 पखवाड़ा का समापन समारोह बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया। इस वर्ष आयोजन की थीम रही – “एक पेड़ माँ के नाम”।

इस अवसर पर सीसीएल परिवार के 250 से अधिक सदस्य, जिनमें अधिकारी, कर्मचारी, महिलाएं एवं बच्चे शामिल थे, पूरे जोश के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। भवनात्मक जुड़ाव से प्रेरित इस अभियान के तहत 75 पौधे रोपे गए और 100 से अधिक पौधे वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को अपने घरों में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में भागीदार बनने के लिए प्रेरित किया गया।

यह आयोजन 1 जून से चल रहे ‘पर्यावरण जागरूकता पखवाड़ा’ का समापन कार्यक्रम था। इस दिन कर्मचारियों के लिए क्विज प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा पूर्व में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित करने हेतु भव्य पुरस्कार वितरण समारोह भी आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती प्रीति सिंह ने किया। उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा,“प्रकृति की रक्षा हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। हम सभी को प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण कर अगली पीढ़ी के लिए एक सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने फलों के बीजों के पुनः उपयोग द्वारा प्राकृतिक बीज प्रसार को प्रोत्साहित करने की अपील की, और एकल-प्रयोग प्लास्टिक के उन्मूलन को समय की सबसे बड़ी जरूरत बताया।”

इस अवसर पर अर्पिता महिला मंडल की उपाध्यक्ष श्रीमती रीता तिवारी, श्रीमती रूपा रानी और श्रीमती इंदु मिश्रा भी उपस्थित रहीं। उन्होंने पर्यावरण संतुलन, महिला सहभागिता और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाई।

“एक पेड़ माँ के नाम” सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि धरती माँ के प्रति श्रद्धा और पर्यावरण के लिए साझा जिम्मेदारी की एक सशक्त अभिव्यक्ति है। यह आयोजन सीसीएल द्वारा पर्यावरणीय स्थिरता के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों की जीवंत मिसाल है। ज्ञात हो कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 05 जून, 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की शुरुआत की गई थी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *