यूपी के युवाओं ने दिखाया दम : ‘इंडिया स्किल्स 2025-26’ नॉर्थ रीजनल प्रतियोगिता में जीते 16 पदक

आगरा के बीएसएनएल ग्राउंड में संपन्न हुई चार दिवसीय : ‘इंडिया स्किल्स 2025-26’ नॉर्थ रीजनल प्रतियोगिता*

NTPC

1 गोल्ड, 3 सिल्वर और 7 ब्रॉन्ज के साथ 5 ‘मेडलियन फॉर एक्सीलेंस’ पर उत्तर प्रदेश ने जमाया कब्जा*

मिशन निदेशक ने विजेताओं को दी बधाई,  ‘नेशनल स्किल कॉम्पीटिशन’ की तैयारी शुरू* 

लखनऊ :  आगरा के बीएसएनएल ग्राउंड में कौशल, नवाचार और तकनीकी निपुणता का जो महाकुंभ पिछले चार दिनों से चल रहा था, शनिवार को उसका शानदार समापन हुआ। ‘इंडिया स्किल्स 2025-26’ नॉर्थ रीजनल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के युवाओं ने अपने अद्भुत हुनर का प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी। 41 विभिन्न स्किल ट्रेड्स में हुए कड़े मुकाबले में उत्तर प्रदेश के 16 धुरंधरों ने अपनी जीत का परचम लहराकर प्रदेश का मान बढ़ाया है।

*कड़े मुकाबले में चमके उत्तर प्रदेश के सितारे*

इस प्रतियोगिता में उत्तर भारत के 5 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों के 360 से अधिक सबसे प्रतिभाशाली प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। उत्तर प्रदेश की ओर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता 40 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था । इनमें से 16 प्रतिभागियों ने अपनी तकनीकी दक्षता और कड़ी मेहनत के दम पर पदक हासिल किए ।

• गोल्ड मेडल : 1

• सिल्वर मेडल : 3

• ब्रॉन्ज मेडल : 7

• मेडलियन फॉर एक्सीलेंस (उत्कृष्टता पदक) : 5

*मिशन निदेशक ने बढ़ाया उत्साह, नेशनल जीत का दिया मंत्र*

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक पुलकित खरे ने सभी विजेताओं को इस कामयाबी के लिए ढेरों बधाई दी। उन्होंने न केवल प्रतिभागियों की सराहना की, बल्कि मिशन के उन अधिकारियों और कर्मचारियों की पीठ भी थपथपाई, जिन्होंने इन युवाओं को निखारने और इस मंच तक पहुँचाने में पर्दे के पीछे रहकर कड़ी मेहनत की। मिशन निदेशक ने कहा, सफल प्रतिभागियों ने रीजनल प्रतियोगिता तक पहुंचने में जितनी मेहनत की है, विभाग के हमारे साथियों ने उन्हें वहां तक पहुंचाने और तैयार करने में उतना ही सहयोग दिया है। यह जीत टीम वर्क का परिणाम है। अब हमारा लक्ष्य आगामी 29 मार्च से 3 अप्रैल तक होने वाली ‘नेशनल स्किल कॉम्पीटिशन’ है। मिशन की ओर से प्रतिभागियों को ट्रेनिंग और तैयारी के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

*नवाचार और तकनीकी दक्षता का संगम*

चार दिनों तक चले इस आयोजन में रोबोटिक्स, आईटी, फैशन टेक्नोलॉजी, वेल्डिंग और ग्राफिक डिजाइन जैसे आधुनिक विषयों में युवाओं ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश के युवाओं द्वारा दिखाए गए नवाचार की विशेषज्ञों ने भी सराहना की।

*अब नेशनल लेवल पर दिखेगा यूपी का दम*

रीजनल स्तर पर अपनी योग्यता साबित करने के बाद अब ये विजेता देश के सबसे बड़े कौशल मंच यानी ‘नेशनल स्किल कॉम्पीटिशन’ में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। विभाग ने अभी से इन युवाओं की स्पेशल ट्रेनिंग और मेंटरशिप के लिए योजना तैयार कर ली है, ताकि नेशनल प्रतियोगिता जीतकर ये युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ‘वर्ल्ड स्किल्स’ में भारत का नाम रोशन कर सकें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *