बिड़ला कार्बन सीएसआर द्वारा गोद लिए गांवों में सब्जी बीज वितरण, 738 ग्रामीण लाभान्वित

रेणुकूट l नगर के निजी औद्योगिक प्रतिष्ठान बिड़ला कार्बन की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व इकाई द्वारा अपने अंगीकृत गोद लिए गांवों में ग्रामीणों को उन्नत किस्म के सब्जियों के बीज वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाना, पोषण स्तर सुधारना और अतिरिक्त आय के अवसर उपलब्ध कराना है। यह कार्यक्रम कंपनी के यूनिट हेड शिवशंकर सिंह तथा मानव संसाधन प्रमुख जीवन सिंह बोरा के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत गोराही, छिकराडांड, मालोघाट, जवारीडांड और बेलहथी गांव के ग्रामीणों को बीज वितरण किया गया।

NTPC

बीज वितरण पंचायत भवन में ग्रामीणों को एकत्र कर किया गया। इस दौरान कृषि विभाग के चंदन कुमार द्वारा किसानों और ग्रामीणों को बीज की जानकारी देते हुए उनका वितरण किया गया। ग्रामीणों को धनिया, पुदीना, मेथी, पालक, चौलाई (लाल चौलाई), बैंगन, मिर्च, टमाटर सहित अन्य मौसमी सब्जियों के बीज उपलब्ध कराए गए। इस कार्यक्रम से कुल 738 ग्रामीण लाभान्वित हुए। कंपनी प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम आगे भी जारी रखे जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण सब्जी उत्पादन से जुड़ सकें। इससे ग्रामीण अपनी जरूरत की सब्जियां घर पर ही उगा सकेंगे और अतिरिक्त उत्पादन को बाजार में बेचकर अपनी आय बढ़ा सकेंगे। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें खेती के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा और घर की पोषण जरूरतें भी पूरी होंगी। कंपनी का यह प्रयास क्षेत्र में सतत विकास और ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *