उ0प्र0 असीमित सम्भावनाओं का ही नहीं, बल्कि सम्भावनाओं को परिणाम में बदलने वाला प्रदेश बन चुका – मुख्यमंत्री

रक्षा मंत्री, उ0प्र0 के मुख्यमंत्री तथा केन्द्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री ने अशोक लेलैण्ड के नवीन मैन्युफैक्चरिंग प्लाण्ट का उद्घाटन किया

NTPC

आज यह प्रदेश विकास का पर्याय बन चुका, प्रदेश की कानून-व्यवस्था को जिस तरह सुदृढ़ किया, यह अपने में एक मिसाल : रक्षामंत्री

प्रदेश में निवेश मित्र, निवेश सारथी और उद्यमी मित्र प्रणाली के माध्यम से विभागीय स्वीकृतियों, विभागीय समन्वय और सतत् हैण्ड होल्डिंग को सुनिश्चित किया जा रहा

लखनऊ :  केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केन्द्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच0डी0 कुमारस्वामी जी ने आज यहां सरोजनीनगर इण्डस्ट्रियल एरिया में अशोक लेलैण्ड के नवीन मैन्युफैक्चरिंग प्लाण्ट का उद्घाटन किया। इसके पूर्व, रक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री तथा भारी उद्योग मंत्री ने अशोक लेलैण्ड के इलेक्ट्रिक वाहनों को झण्डी दिखाकर रवाना किया। प्लाण्ट का अवलोकन किया तथा परिसर में सिन्दूर व रुद्राक्ष का पौधरोपण किया।
रक्षा मंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सशक्त नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने अपनी पहचान बदली है। आज यह प्रदेश विकास का पर्याय बन चुका है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को जिस तरह सुदृढ़ किया है, यह अपने में एक मिसाल है। आम जन सरकार से समाज में अमन-चैन बनाए रखने की भी उम्मीद रखता है। एक ऐसा समाज जहां कोई भय न हो। जहाँ लोगों को घर से बाहर निकलने के पहले सोचना न पड़े। जहाँ उद्योगपति उद्योग लगाने में न हिचकें तथा इन्वेस्टर्स निवेश करने में न डरें। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में इस काम को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में देश की सुरक्षा से जुड़े काम भी शुरू हो चुके हैं। यहाँ बनाये गये डिफेंस कॉरिडोर के माध्यम से हथियार, गोला-बारूद और लड़ाकू जहाजों से सम्बन्धित सामान बनेगा। बड़ी-बड़ी कम्पनियाँ यहां अपने कारखाने लगा रही हैं, जिससे गाँव के लोगों को यहीं पर रोजगार मिलेगा। लखनऊ में ब्रह्मोस एयररोस्पेस की फैक्ट्री भी स्थापित की गयी है, जो ब्रह्मोस मिसाइल बना रही है। जिसका करिश्मा आप लोगों ने ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान देखा होगा। अब यह मिसाइल बाहर से बनकर नहीं आती है। हमारे अपने देश में और अपने उत्तर प्रदेश में ही बनती है। ब्रह्मोस एयरोस्पेस की फैक्ट्री स्थापित करने में मुख्यमंत्री की पहल व सहयोग सराहनीय है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि अब भारत अपने हथियार खुद बना रहा है। उत्तर प्रदेश भी इस दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में डबल इंजन सरकार ने विकास के इस काम को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए ‘उत्तर प्रदेश एयरोस्पेस एण्ड डिफेंस यूनिट एण्ड एम्प्लॉयमेण्ट प्रमोशन’ पॉलिसी बनाई है। इसका सीधा मतलब यह है कि अब उत्तर प्रदेश को ऐसा राज्य बनाया जा रहा है, जहां सेना के लिए साजो-सामान बड़े पैमाने पर बनेंगे। प्रदेश सरकार ‘ग्लोबल-500 एण्ड फॉर्च्यून इण्डिया-500 कम्पनी इन्वेस्टमेण्ट प्रमोशन पॉलिसी-2023’ भी लेकर आयी है, ताकि यहाँ इन्वेस्टमेण्ट तथा औद्योगिक विकास बढ़ सके।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज का समारोह प्रदेश के प्रति उद्योगपतियों के बढ़ते हुए विश्वास का प्रतीक है। इस इण्टीग्रेटेड पैसेज एण्ड बस मैन्युफैक्चरिंग प्लाण्ट में 2,500 यूनिट प्रतिवर्ष की क्षमता है, जिसे चरणबद्ध ढंग से 5,000 यूनिट प्रतिवर्ष तक बढ़ाया जाना है। यह परियोजना उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की प्रतिबद्धता और हम सभी के दृढ़ विश्वास का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया ग्लोबल वॉर्मिंग और ग्लोबल कूलिंग से त्रस्त है। विभिन्न प्रकार की आपदाएँ हम सबके सामने एक नई चुनौतियाँ खड़ी कर रही हैं। ऐसी परिस्थितियों में यह इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग प्लाण्ट स्वयं को तैयार करने की दिशा में किए जाने वाले प्रयासों का हिस्सा है। इसमें प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए नौकरी और रोजगार की सम्भावनाएँ विकसित हुई हैं। प्रदेश सरकार पर विश्वास कर लखनऊ में महत्वपूर्ण निवेश करने के लिए हिन्दुजा समूह बधाई का पात्र है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश असीमित सम्भावनाओं का ही नहीं, बल्कि सम्भावनाओं को परिणाम में बदलने वाला प्रदेश बन चुका है। पिछले साढ़े 08 वर्षों में हुए बड़े परिवर्तन इसका उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। आज प्रदेश के समस्त जनपदों में भारी पैमाने पर निवेश हो रहा है। यहां बेहतर कनेक्टिविटी है। देश के एक्सप्रेस-वे का 55 प्रतिशत एक्सप्रेस-वे आज उत्तर प्रदेश के पास है। प्रदेश के सर्वाधिक शहरों में मेट्रो का संचालन पब्लिक ट्रांसपोर्ट के रूप में हो रहा है। देश का सबसे बड़ा रेल नेटवर्क प्रदेश में है। देश में बनने वाले दो डेडीकेटेड फ्रेट कॉरीडोर प्रदेश से होकर निकल रहे हैं। इस फ्रेट कॉरीडोर पर प्रदेश का लॉजिस्टिक टर्मिनल और लॉजिस्टिक्स एण्ड ट्रांसपोर्ट हब विकसित करने का कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में देश की पहली रैपिड रेल और पहला वॉटर-वे संचालित हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अशोक लेलैण्ड का यह मैन्युफैक्चरिंग प्लाण्ट प्रदेश के लिए एफ0डी0आई0 और फॉर्च्यून-500 पॉलिसी का हिस्सा है। वर्ष 2017 से पूर्व एफ0डी0आई0 में यू0पी0 का अंश बहुत कम था। आज प्रदेश ने अपनी पॉलिसी के माध्यम से बड़े पैमाने पर एफ0डी0आई0 और फॉर्च्यून-500 को आकर्षित किया है। इस प्लाण्ट के लिए सितम्बर, 2023 में एम0ओ0यू0 हुआ, जनवरी, 2024 में एल0ओ0आई0 तथा भूमि स्थानान्तरण की कार्यवाही सम्पन्न हुई। केवल 18 महीनों में एक विश्वस्तरीय प्लाण्ट निर्मित होकर प्रदेश को समर्पित किया जा रहा है। यह डबल इंजन सरकार की फास्ट ट्रैक अप्रूवल प्रणाली और सुशासन का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश मित्र, निवेश सारथी और उद्यमी मित्र प्रणाली के माध्यम से विभागीय स्वीकृतियों, विभागीय समन्वय और सतत् हैण्ड होल्डिंग को सुनिश्चित किया जा रहा है। परिणामस्वरूप, ऑटो कम्पोनेण्ट और ई0वी0 ईको-सिस्टम में आज प्रदेश तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में आने वाले समय में सम्भावनाओं को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024 में राष्ट्रीय स्तर पर इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल बाजार में प्रदेश की भागीदारी 19 प्रतिशत थी। फेम-01 और फेम-02 का प्रमुख लाभार्थी उत्तर प्रदेश है। वर्तमान में प्रदेश में 700 से अधिक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। अशोक लेलैण्ड के इस इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग प्लाण्ट में प्रदेश के 10,000 युवाओं को प्रतिवर्ष स्किल डेवलपमेण्ट के साथ जोड़ने के लिए हिन्दुजा ग्रुप प्रदेश सरकार के साथ एम0ओ0यू0 करने जा रहा है।
इलेक्ट्रिक व्हीकल का यह सेक्टर नई स्किल, नई टेक्नोलॉजी और नये भविष्य के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है। आई0टी0आई0, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग संस्थान स्वयं को इलेक्ट्रिक व्हीकल की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं। देश का सबसे अधिक श्रम शक्ति रखने वाला उत्तर प्रदेश इस तकनीक के माध्यम से ट्रस्ट एण्ड ट्रांसपोर्टेशन की नई भूमिका के रूप में स्वयं को स्थापित करेगा।कार्यक्रम को केन्द्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच0डी0 कुमारस्वामी ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, विधायक राजेश्वर सिंह, स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सी0ई0ओ0 मनोज कुमार सिंह, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार, अध्यक्ष हिन्दुजा ग्रुप (भारत) अशोक हिन्दुजा, अध्यक्ष हिन्दुजा ग्रुप (यूरोप) प्रकाश पी0 हिन्दुजा, ट्रस्टी हिन्दुजा फाउण्डेशन अजय हिन्दुजा, अध्यक्ष अशोक लेलैण्ड धीरज हिन्दुजा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *