सोनभद्र। मंगलवार को भाकपा, माकपा, भाकपा माले एवं उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन के संयुक्त बैनर तले मनरेगा बचाओ, माले नेताओं की रिहाई तथा अन्य जनहितकारी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। संयुक्त वाम दलों के कार्यकर्ताओं ने शक्तिनगर वाराणसी मुख्य मार्ग से जुलूस निकालते हुए नारेबाजी की और कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर धरना दिया।धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी के नाम पर बनी ऐतिहासिक योजना महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम को कमजोर किया जा रहा है। सरकार द्वारा इसके स्थान पर विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण लाकर ग्रामीण खेत मजदूरों के संवैधानिक अधिकारों पर कुठाराघात किया जा रहा है। मनरेगा में जहां केंद्र सरकार की 90 प्रतिशत और राज्य सरकार की 10 प्रतिशत भागीदारी थी, वहीं नए कानून में राज्यों पर 40 प्रतिशत वित्तीय बोझ डाला गया है, जबकि अधिकांश राज्य कर्ज में डूबे हैं। इससे यह योजना व्यवहारिक रूप से असफल हो जाएगी और ग्रामीण मजदूरों की आजीविका पर संकट खड़ा होगा।वक्ताओं ने मांग की कि मनरेगा को पुराने स्वरूप में बहाल किया जाए। खेत एवं ग्रामीण मजदूरों को वर्ष में 200 दिन का रोजगार और 600 रुपये प्रतिदिन न्यूनतम मजदूरी की गारंटी दी जाए। काम न मिलने की स्थिति में मुआवजा सुनिश्चित किया जाए तथा 55 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 10 हजार रुपये मासिक पेंशन दी जाए। सभी ग्रामीण मजदूरों को 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने, बिजली के निजीकरण व स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने, आवास के लिए 15 डिसमिल भूमि और पक्का मकान उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।नेताओं ने मिर्जापुर जिले में गिरफ्तार भाकपा माले के राज्य सचिव कामरेड सुधाकर यादव, स्टैंडिंग कमेटी सदस्य कामरेड जीरा भारती सहित अन्य की बिना शर्त रिहाई तथा दोषी पुलिस व वन विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

धरना-प्रदर्शन के बाद राष्ट्रीय सवालों पर महामहिम राष्ट्रपति तथा स्थानीय सवालों पर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया।
इस दौरान भाकपा जिला सचिव कामरेड आर.के. शर्मा, माकपा जिला सचिव कामरेड नंदलाल आर्य, माले के कामरेड नोहर भारती सहित खेत मजदूर यूनियन के बसावन गुप्ता, देव कुमार विश्वकर्मा, अमरनाथ सूर्य, बाबूलाल भारती, पुरषोत्तम, दिनेश रजवाड़ा, प्रेमनाथ, अमरनाथ बिंद,तारकेश्वर गुप्ता,जगरनाथ बैगा,रामजनम,विसंभर सिंह,अवध राज सिंह,गुड्डू उपाध्याय, ईश्वर दयाल, राजदेव सिंह, रामविलास कोल व कमली देवी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।कार्यक्रम की अध्यक्षता भाकपा के पूर्व जिला सचिव कामरेड रामरक्षा ने की तथा संचालन माले नेता कामरेड कलीम ने किया।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
