पर्यटन गतिविधियों का सक्रिय केंद्र बनेगा पर्यटन मुख्यालय, आंतरिक साज सज्जा एवं सुविधाएं होंगी हाईटेक- जयवीर सिंह

लखनऊ का पर्यटन भवन के उच्चीकरण हेतु 6.92 करोड़ रुपए की परियोजना स्वीकृत

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित पर्यटन भवन का उच्चीकरण किया जा रहा है। इस परियोजना के लिए 06.92 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की गयी है।  इस उच्चीकरण कार्य का उद्देश्य पर्यटन भवन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाना है, जिससे विभागीय कार्यों को अधिक सुगमता से संपन्न किया जा सके। पुराने ढांचे को मजबूत और टिकाऊ बनाया जाएगा।

यह जानकारी उ0प्र0 के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत भवन की संरचना में सुधार, आंतरिक साज-सज्जा, डिजिटल डिस्प्ले सहित अन्य कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह भवन आगे भी पर्यटन गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना रहेगा। इसे एक ऐसा केंद्र बनाया जाएगा जहां पर्यटन से जुड़ी संपूर्ण जानकारी और सुविधाएं मिल सकें। मंत्री ने यह भी बताया कि पर्यटन भवन को बेहतर और उन्नत करने का उद्देश्य न केवल भवन की साज-सज्जा है, बल्कि इसे पर्यटन गतिविधियों के लिए एक सक्रिय और प्रभावी केंद्र के रूप में स्थापित करना भी है। उन्होंने भरोसा जताया कि उच्चीकरण से न केवल विभागीय कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि पर्यटकों का अनुभव भी बेहतर होगा। हाईटेक व्यवस्था से राज्य के पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। साथ ही, आगंतुकों को बेहतर गाइडेंस, जानकारी और आरामदायक माहौल भी मिलेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *