प्रधानमंत्री ने जनपद वाराणसी में लगभग 2,200 करोड़ रु0 लागत की 52 कल्याणकारी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास किया, ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ की 20वीं किश्त के अन्तर्गत 9.71 करोड़ से अधिक किसानों के खाते में 20,500 करोड़ रु0 से अधिक की धनराशि का अंतरण
काशी सांसद प्रतियोगिताओं से सम्बन्धित वेबसाइट, रजिस्ट्रेशन पोर्टल तथा क्यू0आर0 कोड का अनावरण किया
दिव्यांगजन को सहायक उपकरण प्रदान किए
140 करोड़ देशवासियों की एकता ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की ताकत, भारत के स्वदेशी हथियारों की ताकत पूरी दुनिया ने देखी – नरेन्द्र मोदी
वाराणसी/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज जनपद वाराणसी में लगभग 2,200 करोड़ रुपये लागत की 52 कल्याणकारी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ की 20वीं किश्त के अन्तर्गत 9.71 करोड़ से अधिक किसानों के खाते में 20,500 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि का अंतरण किया। उन्होंने काशी सांसद प्रतियोगिताओं से सम्बन्धित वेबसाइट, रजिस्ट्रेशन पोर्टल तथा क्यू0आर0 कोड का अनावरण किया। प्रधानमंत्री ने दिव्यांगजन को एलिम्को द्वारा डिजाइन किए गए सहायक उपकरण प्रदान किए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हम काशी से देशभर के लाखों किसानों से जुड़े हुए हैं। सावन का महीना, काशी जैसा पवित्र स्थान और देश के किसानों के साथ जुड़ने का अवसर। इससे बड़ा सौभाग्य क्या हो सकता है। उन्होंने कहा कि आज वह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पहली बार काशी आये हैं। विगत 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी गई थी। बेटियों के सिंदूर का बदला लेने का जो वचन दिया गया था, वह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से पूरा हुआ। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जवानों के पराक्रम का पल था। जीवन में ऐसे अवसर बहुत प्रेरणा देते हैं। देश की एकता हर बार नई चेतना जगा देती है, तभी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ सफल होता है। 140 करोड़ देशवासियों की एकता ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की ताकत बन जाती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान दुनिया ने भारत का रौद्र रूप देखा है। भारत पर जो वार करेगा, वो पाताल में भी नहीं बचेगा। भारत ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। यह नया भारत है। नया भारत भोलेनाथ को भी पूजता है और देश के दुश्मनों के सामने कालभैरव भी बनना जानता है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारत के स्वदेशी हथियारों की ताकत पूरी दुनिया ने देखी है। हमारे एयर डिफेंस सिस्टम, हमारी स्वदेशी मिसाइलें, स्वदेशी ड्रोन्स, इन्होंने आत्मनिर्भर भारत की ताकत को साबित किया है।
खासकर ब्रह्मोस मिसाइल की दहशत भारत के हर दुश्मन के भीतर भर गई है। ब्रह्मोस मिसाइलें उत्तर प्रदेश में भी बनेंगी। लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल की मैन्युफैक्चरिंग शुरू हो रही है। यूपी डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडॉर में भी कई बड़ी डिफेंस कम्पनियाँ अपने प्लाण्ट लगा रही हैं। आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में बने हथियार, हिन्दुस्तान के हर भाग में बने हथियार भारतीय सेनाओं की ताकत बनेंगे। आज उत्तर प्रदेश तेज गति से औद्योगिक विकास कर रहा है। देश और दुनिया की बड़ी-बड़ी कम्पनियाँ यहाँ निवेश कर रही हैं। इसके पीछे सरकार की विकासपरक नीतियों की बड़ी भूमिका है। निवेशक उत्तर प्रदेश के भविष्य में भरोसा देख रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज यहाँ एक विराट किसान उत्सव का आयोजन हो रहा है। देश के 10 करोड़ किसान भाई-बहनों के खातों में लगभग 21 हजार करोड़ रुपये पी0एम0 किसान सम्मान निधि के रूप में भेजे गए हैं। जब काशी से धन जाता है तो वह स्वयं प्रसाद बन जाता है। डबल इंजन सरकार निरन्तर किसानों की खुशहाली के लिए काम कर रही है। वर्ष 2019 में शुरु हुई पी0एम0 किसान सम्मान निधि सरकार के पक्के इरादों का उदाहरण बन चुकी है। पी0एम0 किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत देश में अब तक पौने चार लाख करोड़ रुपए किसानों के खातों में भेजे जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश के ढाई करोड़ किसानों को इसका लाभ मिला है। उत्तर प्रदेश में किसानों को इस योजना के अन्तर्गत 90 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा भेजे गए हैं। काशी के किसानों को भी करीब-करीब 900 करोड़ रुपए मिले हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि काशी में विकास की अविरल धारा मां गंगा के साथ-साथ आगे बढ़ रही है। अभी कुछ ही दिन पहले काशी में सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता भी आयोजित की गई थी। अर्थात स्पर्धा द्वारा व स्वयं प्रयास से स्किल डेवलपमेंट के अनेक प्रयोग आज काशी की भूमि पर हो रहे हैं। आने वाले दिनों में काशी सांसद फोटोग्राफी प्रतियोगिता, सांसद रोजगार मेला समेत कई और आयोजन होने वाले हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि काशी में विकास का महायज्ञ लगातार जारी है। आज शुरू हुए रेल ओवर ब्रिज, जल जीवन मिशन से जुड़े प्रोजेक्ट्स, काशी के स्कूलों का नवनिर्माण कार्य, होम्योपैथिक कॉलेज का निर्माण, मुंशी प्रेमचंद की विरासत को सहेजना, यह समस्त कार्य भव्य काशी-दिव्य काशी-समृद्ध काशी और मेरी काशी के निर्माण को गति देंगे। माँ कालका धाम का सुंदरीकरण कर इसे भव्य बना दिया गया है। मंदिर तक आना-जाना भी आसान हो गया है। सेवापुरी का इतिहास क्रांति का इतिहास रहा है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की काशी में उपस्थिति पवित्र श्रावण मास में ऐसे समय में हुई है, जब पूरा विश्व ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से भारत के सामर्थ्य और शक्ति का एहसास कर रहा है। नया भारत दुश्मन के घर में घुसकर उनका खात्मा करने का साहस रखता है। प्रधानमंत्री जी दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता है। पूरी दुनिया लोक कल्याण के लिए उनकी दूरदर्शिता का लोहा मानती है। विगत 11 वर्षों में दुनिया के 04 दर्जन से अधिक देशों ने अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रधानमंत्री जी को समर्पित किया। घाना, त्रिनिदाद एवं टोबैगो, ब्राजील तथा नामीबिया ने जुलाई माह में अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रधानमंत्री जी को समर्पित कर 140 करोड़ भारवासियों को गौरव के साथ आगे बढ़ने के लिए एक नया विजन प्रदान किया है।
प्रधानमंत्री ने अपने वाराणसी भ्रमण के अवसर पर वाराणसी के मण्डलायुक्त व जिलाधिकारी से जनपद में आयी बाढ़ की स्थिति, बाढ़ से निपटने की तैयारियों और बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए चल रहे राहत कार्यों के सम्बन्ध में विस्तार से चर्चा की। प्रधानमंत्री जी ने बाढ़ प्रभावित लोगों को स्थानीय प्रशासन की ओर से हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में वाराणसी के विकास से सम्बन्धित परियोजनाओं पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।