सुरेश कुमार खन्ना ने आज लखनऊ नगर निगम के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे साफ-सफाई कार्याे का औचक निरीक्षण किया

 जोनल अधिकारी, सफाई निरीक्षक सहित क्षेत्र के संबंधित सुपरवाइजर एवं सफाई कर्मियों का वेतन काटने का निर्देश दिया

NTPC

लखनऊः उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जनपद लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने आज प्रातः लखनऊ नगर निगम के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे साफ सफाई कार्याे का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वे नगर निगम क्षेत्र के दो जोनों के चार वार्डाे में गए। मंत्री जी सफाई व्यवस्था को लेकर काफी नाराज दिखे और जिम्मेदार लोगों को फटकार लगाई। उन्होंने जोनल अधिकारी, सफाई निरीक्षक सहित क्षेत्र के संबंधित सुपरवाइजर एवं सफाई कर्मियों का वेतन काटने का निर्देश दिया। 

प्रभारी मंत्री ने जोन एक के रानी लक्ष्मीबाई वार्ड के अमीनाबाद में घंटाघर पार्क, जोन 3 में डालीगंज निराला नगर वार्ड, अयोध्या दास द्वितीय वार्ड एवं फैजुल्लागंज द्वितीय वार्ड का निरीक्षण किया। प्रभारी मंत्री को सभी वार्डों में सफाई कार्य में लापरवाही दिखी, विशेष कर नालियों की सफाई। अधिकांश क्षेत्रों में नालियों में जल जमाव की स्थिति थी। उन्होंने नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करें और सफाई व्यवस्था को चुस्त दुरूस्त बनाएं। 

प्रभारी मंत्री ने अमीनाबाद में घंटाघर वाले पार्क में कूड़े का ढेर देखकर नाराजगी जाहिर की उन्होंने निर्देश दिया कि पार्क की जमीन पर वृक्षारोपण और इसका सौंदरीकरण कराया जाए। इस क्षेत्र में उन्होंने एक सीसी रोड के निर्माण के भी निर्देश दिए। यहां पर बन रही पानी की टंकी के संबंध में उन्होंने जानकारी ली और निर्देश दिया कि जल निगम के साथ समन्वय बनाकर इसके निर्माण में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि लखनऊ का अमीनाबाद क्षेत्र पूरे देश में प्रसिद्ध है। उन्होंने अतिक्रमण एवं रोड पर कूड़ा जमाव को लेकर नगर निगम के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया। उन्होंने जोनल अधिकारी से लेकर सफाईकर्मी तक सभी ज़िम्मेदार कार्मिकों के एक-एक दिन के वेतन काटने के निर्देश दिये।  

श्री सुरेश कुमार खन्ना को निरीक्षण के दौरान डालीगंज निराला नगर वार्ड के स्थानीय लोगों ने बताया कि कूड़े की गाड़ी कभी-कभी आती है। यद्यपि डोर-टू-डोर कलेक्शन का कार्य हो रहा है। पीने के पानी की व्यवस्था ठीक नहीं है। नालियों की सफाई काफी दिनों से नहीं हुई थी। उन्होंने जोनल अधिकारी एवं अन्य सफाई से संबंधित सभी लोगों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों  के साथ-साथ गलियों की भी व्यवस्थित सफाई हो, यह तभी संभव होगा जब नियमित मॉनिटरिंग होगी। निरीक्षण के दौरान महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, नगर निगम के अधिकारी एवं क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि तथा स्वछता प्रोत्साहन समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार मिश्र एवं अन्य उपस्थित थे।  

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *