प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे (उमरे) मुख्यालय में आज “सेवा संकल्प प्रस्ताव” के वाचन और उस पर चर्चा के लिए एक विशेष संगोष्ठी आयोजित की गई। यह कार्यक्रम विन्ध्य हॉल में पूर्वाह्न 11:00 बजे आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता अपर महाप्रबंधक जे.एस. लाकरा ने की। “सेवा संकल्प प्रस्ताव” मूल रूप से केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 24 फरवरी, 2026 को नए प्रधानमंत्री कार्यालय, ‘सेवा तीर्थ’ में अपनी ऐतिहासिक पहली बैठक के दौरान पारित किया गया था । उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान, अपर महाप्रबंधक जे.एस. लाकरा ने इस संकल्प का पाठ किया, जिसमें नागरिक-केंद्रित शासन: ‘नागरिक देवो भव’ की भावना के प्रति प्रतिबद्धता, यह सुनिश्चित करते हुए कि प्रत्येक निर्णय 140 करोड़ देशवासियों के प्रति सेवा-भाव से प्रेरित हो । अंत्योदय: पारदर्शी और उत्तरदायी शासन के माध्यम से देश के अंतिम व्यक्ति के जीवन को सरल बनाना ।

विकसित भारत 2047: वर्ष 2047 तक भारत को एक समृद्ध, समर्थ और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के राष्ट्रीय संकल्प को दोहराना । आधुनिक कार्य-संस्कृति: जड़ता की जगह गतिशीलता और संदेह की जगह समाधान को बढ़ावा देने वाले बुनियादी ढांचे और कार्यप्रणाली को अपनाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। संकल्प के पठन के पश्चात, रेलवे के विभिन्न विभागों और कार्यालयों की भूमिका के अनुसार इस संकल्प को लागू करने के तौर-तरीकों पर चर्चा की गई । इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने उत्तर मध्य रेलवे के ढांचे के भीतर संकल्प की भावना को समाहित करने पर अपने विचार साझा किए। विचार व्यक्त करने वालों में मुदित चंद्रा, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी, अतुल कुमार मिश्रा, उप महाप्रबंधक (सामान्य), शशिकांत त्रिपाठी, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, अखिल शुक्ला, महाप्रबंधक के सचिव, उप महाप्रबंधक/विधि अनुज कटियार, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी गुंजन श्रीवास्तव, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी कृष्ण कांत एवं उप मुख्य सतर्कता अधिकारी हरीश कुमार शामिल थे। वक्ताओं ने इस बात पर प्रकाश डाला कि उत्तर मध्य रेलवे की कार्य-संस्कृति कर्तव्य, सेवा और समर्पण की त्रिवेणी से संचालित होगी, जिससे ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ की गति को और तेज किया जा सके । कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी यथार्थ पांडेय ने किया। इस कार्यक्रम में उत्तर मध्य रेलवे के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
