मुख्यालय स्तर पर कर्मचारी स्थापना विभाग और क्षेत्रीय स्तर पर लोदना क्षेत्र को प्राप्त हुआ राजभाषा का ‘चल वैजयंती शील्ड’

धनबाद। बीसीसीएल द्वारा राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और इसके प्रभावी क्रियान्वयन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज कोयला भवन, मुख्यालय में कॉर्पोरेट स्तरीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही समीक्षा बैठक का आयोजन हुआ। अध्यक्षता निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया ने की। बैठक में महाप्रबंधक (मानव संसाधन/राजभाषा) श्री कुमार मनोज, महाप्रबंधक (प्रशासन) अर्पण घोष, विभागाध्यक्ष (विधि) डॉ. कुमार शरद सिन्हा, विभागाध्यक्ष (अधिकारी स्थापना) श्रीमती शोभा जे. कुजूर सहित मुख्यालय के सभी विभागों के महाप्रबंधक/विभागाध्यक्ष, सभी क्षेत्रों के क्षेत्रीय प्रबंधक (मानव संसाधन), नोडल राजभाषा अधिकारी तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में एजेंडे के अनुरूप कार्यवाही प्रारंभ की गई, जिसमें सर्वप्रथम पिछली बैठक के कार्यवृत्त का अनुमोदन किया गया ततश्चात राजभाषा विभाग के प्रबंधक उदयवीर सिंह ने पिछली तिमाही में लिए गए निर्णयों पर अनुवर्ती कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) प्रस्तुत की। इसके साथ ही सभी क्षेत्रों एवं मुख्यालय के विभागों से प्राप्त अक्टूबर–दिसंबर, 2025 की तिमाही हिंदी प्रगति रिपोर्टों की समीक्षा और विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में क्षेत्रीय स्तर पर नियमित रूप से तिमाही हिंदी कार्यशालाओं और समीक्षा बैठकों के आयोजन के लिए जारी कैलेंडर के अनुपालन पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त मुख्यालय एवं क्षेत्रीय स्तर पर राजभाषा विभाग/प्रकोष्ठ के सुदृढ़ीकरण से संबंधित विषयों, जैसे हिंदी संवर्ग के पद, कर्मचारियों की तैनाती तथा अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
राजभाषा नियम, 1976 के नियम 8(4) के अनुरूप हिंदी में प्रवीणता प्राप्त सभी कार्मिकों के लिए व्यक्तिशः आदेश जारी करने पर विचार किया गया तथा आवश्यक दिशानिर्देश निर्धारित किए गए। साथ ही राजभाषा कार्यान्वयन को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जांच-बिंदुओं (चेकपॉइंट्स) के निर्धारण एवं उनके अनुपालन को सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। बैठक में अध्यक्ष महोदय की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस क्रम में ‘कोयला गुनगुनाता है – 2.0’ के प्रस्तावित प्रकाशन पर भी विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में राजभाषा कार्यान्वयन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली इकाइयों को चल वैजयंती शील्ड से सम्मानित किया गया, जिसमें मुख्यालय स्तर पर कर्मचारी स्थापना विभाग तथा क्षेत्रीय स्तर पर लोदना क्षेत्र को यह सम्मान प्रदान किया गया।
अपने समीक्षात्मक वक्तव्य में निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया ने कहा कि राजभाषा हिंदी का संवर्धन, प्रयोग और विस्तार हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने मुख्यालय के विभिन्न विभागों और सभी क्षेत्रों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि कंपनी द्वारा राजभाषा के क्षेत्र में प्राप्त प्रगति प्रत्येक विभाग के समर्पण, प्रतिबद्धता और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी क्षेत्रों एवं विभागों को और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि हिंदी को दैनिक, प्रशासनिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों का स्वाभाविक अंग बनाना आवश्यक है, जिससे इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित हो सके। इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया के स्वागत एवं महाप्रबंधक (मानव संसाधन/राजभाषा) कुमार मनोज द्वारा प्रस्तुत औपचारिक स्वागत वक्तव्य के साथ हुई, जिसके पश्चात बैठक की कार्यवाही आरंभ हुई। समापन सत्र में सभी विभागों एवं क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने आगामी तिमाही में आयोजित की जाने वाली राजभाषा गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन प्रबंधक (राजभाषा) उदयवीर सिंह ने किया।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
