बीसीसीएल में कॉर्पोरेट स्तरीय राजभाषा समिति की तिमाही समीक्षा बैठक का आयोजन

Spread the love

मुख्यालय स्तर पर सचिवालय – निदेशक मानव संसाधन और क्षेत्रीय स्तर पर कतरास क्षेत्र को प्राप्त हुआ राजभाषा का ‘चल वैजयंती शील्ड

धनबाद । कोयला भवन, मुख्यालय में आज कॉर्पोरेट स्तरीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2025-26 की अंतिम तिमाही के दौरान राजभाषा एवं उसके अनुपालन की समीक्षा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक (मानव संसाधन)  मुरली कृष्ण रमैया ने की। इस अवसर पर  महाप्रबंधक (राजभाषा)  मनीष मिश्रा सहित मुख्यालय के सभी विभागों के महाप्रबंधक/विभागाध्यक्ष, सभी क्षेत्रों के क्षेत्रीय प्रबंधक (मानव संसाधन), नोडल राजभाषा अधिकारी तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में एजेंडे के अनुरूप कार्यवाही प्रारंभ की गई, जिसमें पिछली बैठक के कार्यवृत्त का अनुमोदन तथा पिछली तिमाही में दिए गए निर्देशों पर प्रस्तुत अनुपालन रिपोर्ट की समीक्षा की गई। इसके साथ ही सभी क्षेत्रों एवं मुख्यालय के विभागों से प्राप्त वित्तीय वर्ष 2025-26 की अंतिम तिमाही (जनवरी-मार्च, 2026) की हिंदी प्रगति रिपोर्ट पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में क्षेत्रीय स्तर पर हिंदी कार्यशालाओं तथा तिमाही समीक्षा बैठकों के लिए जारी कैलेंडर का अनुमोदन करते हुए उनकी प्रभावशीलता पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त मुख्यालय एवं क्षेत्रीय स्तर पर राजभाषा विभाग/प्रकोष्ठ के सुदृढ़ीकरण से संबंधित विषयों, जैसे हिंदी शाखा के पद, कर्मचारियों की तैनाती तथा अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।

राजभाषा नियम 1976 के नियम 8(4) के अनुरूप हिंदी में प्रवीणता प्राप्त सभी कार्मिकों के लिए व्यक्तिशः आदेश जारी करने पर विचार करते हुए आवश्यक दिशानिर्देश निर्धारित किए गए। साथ ही राजभाषा कार्यान्वयन को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जांच-बिंदुओं (चेकपॉइंट्स) के निर्धारण एवं उनके अनुपालन को सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। बैठक में अध्यक्ष महोदय की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में जनवरी-मार्च 2026 अवधि के दौरान राजभाषा कार्यान्वयन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली इकाइयों को राजभाषा के चल वैजयंती शील्ड से सम्मानित किया गया, जिसमें मुख्यालय स्तर पर सचिवालय – निदेशक मानव संसाधन तथा क्षेत्रीय स्तर पर कतरास क्षेत्र को यह सम्मान प्रदान किया गया। अपने समीक्षात्मक वक्तव्य में निदेशक (मानव संसाधन)  मुरली कृष्ण रमैया ने राजभाषा कार्यान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों एवं इकाइयों की सराहना की और कहा कि राजभाषा हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग, उन्नयन और विस्तार हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि सम्मिलित प्रयासों से ही राजभाषा हिंदी का व्यापक प्रचार-प्रसार और सतत विकास संभव है, तथा हम सभी को पूरे समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ हिंदी को अपने दैनिक, प्रशासनिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों का स्वाभाविक अंग बनाने का प्रयास करना चाहिए।

विदित हो कि प्रबंधक (राजभाषा)  उदयवीर सिंह का कोल इंडिया में पदोन्नति के उपरांत वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्लूसीएल) में स्थानांतरण हुआ है। बीसीसीएल में यह उनका अंतिम औपचारिक राजभाषा कार्यक्रम रहा। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने राजभाषा में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।

इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत निदेशक (मानव संसाधन)  मुरली कृष्ण रमैया के स्वागत एवं महाप्रबंधक (मानव संसाधन/राजभाषा)  मनीष मिश्रा द्वारा प्रस्तुत औपचारिक स्वागत वक्तव्य के साथ हुई, जिसके पश्चात बैठक की कार्यवाही आरंभ हुई। समापन सत्र में सभी विभागों एवं क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने आगामी तिमाही में आयोजित की जाने वाली राजभाषा गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक का संचालन प्रबंधक (राजभाषा) श्री उदयवीर सिंह ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *