राँची।सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के रांची स्थित मुख्यालय में आज राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता निदेशक(मानव संसाधन)हर्ष नाथ मिश्र ने की।

बैठक में महाप्रबंधक (राजभाषा)अशोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख, महाप्रबंधकगण, राजभाषा नोडल अधिकारी तथा सीसीएल के क्षेत्रीय कार्यालयों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
बैठक के आरंभ में महाप्रबंधक(राजभाषा)अशोक कुमार ने सभी उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया तथा उप-प्रबंधक राजभाषा दिविक दिवेश ने संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। तिमाही प्रगति रिपोर्ट के माध्यम से राजभाषा के प्रयोग-प्रसार की स्थिति की समीक्षा की गई।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में निदेशक (मानव संसाधन)हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि “राजभाषा हिंदी का प्रभावी क्रियान्वयन संगठन की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ हितधारकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।” उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को राजभाषा नीति का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा पत्राचार, टिप्पणियों एवं ई-ऑफिस कार्यों में हिंदी के अधिकतम प्रयोग पर विशेष बल दिया। उन्होंने यह भी बताया कि ई-ऑफिस में उपलब्ध अनुवाद सुविधा का प्रभावी उपयोग कर टिप्पणियाँ हिंदी में आसानी से की जा सकती हैं।
बैठक के दौरान विगत तिमाही में राजभाषा के उत्कृष्ट कार्यान्वयन, नवाचार एवं अनुकरणीय प्रयासों के लिए आईईडी विभाग, मानव संसाधन एवं औद्योगिक संबंध, बरका-सयाल क्षेत्र, कल्याण विभाग, सामान्य प्रशासन, नगर प्रशासन एवं श्रमशक्ति विभाग को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
बैठक का समापन राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन को और अधिक सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ हुआ

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
