मुख्यमंत्री ने आगरा में यूनिकॉर्न कम्पनियोंके कॉन्क्लेव में अपने विचार व्यक्त किये
प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप प्रदेश को 01 ट्रिलियन डॉलर कीइकोनॉमी बनाने के लिए आवश्यक नीतियों को तय करने में यूनिकॉर्न,प्रदेश सरकार से निरन्तर विचार-विमर्श कर रहे : मुख्यमंत्री
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रदेश को 01 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने की दिशा में हम तेजी के साथ आगे बढ़ रहे हैं। वर्ष 2029 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था एक ट्रिलियन डॉलर होने की सम्भावना है। इसके लिये तैयार की गई कार्य योजना के अच्छे परिणाम प्राप्त हो रहे हैं। अलग-अलग पैरामीटर्स पर तय किए गए लक्ष्यों को समयानुसार प्राप्त किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप प्रदेश को 01 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने के लिए आवश्यक नीतियों को तय करने में यूनिकॉर्न, प्रदेश सरकार से निरन्तर विचार-विमर्श करते रहे हैं। यूनिकॉर्न व्यवहारिक धरातल पर कार्य कर अपने अनुभवों को हमारी टीम से शेयर करते हैं, जिसके आधार पर आगे की रणनीति तय की जाती है।

मुख्यमंत्री आज आगरा में यूनिकॉर्न कम्पनियों के कॉन्क्लेव में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने स्टार्टअप की संस्कृति को नया आयाम प्रदान किया है। इससे लोगों के मन में विश्वास उत्पन्न हुआ। पहले लोगों के मन में सिस्टम के प्रति विश्वास नहीं था। प्रधानमंत्री जी ने स्टार्टअप इण्डिया, स्टैंड अप इण्डिया तथा मेक इन इण्डिया की भावना को आगे बढ़ाया। देश में इस दिशा में अनेक अच्छे कदम उठाए गए हैं। प्रधानमंत्री जी ने हमेशा इस मुद्दे पर युवाओं को प्रोत्साहित किया है। देश का युवा जॉब सीकर नहीं बल्कि जॉब क्रिएटर बनेगा। स्टार्टअप इण्डिया इसका आधार बनेगा। स्टार्टअप इण्डिया देखते ही देखते देश व दुनिया में लोकप्रिय होता हुआ दिखाई दे रहा है। आप में से बहुत से युवा ऐसे होंगे जिन्होंने स्टार्टअप व स्टैंड अप इण्डिया के बारे में सीखा व जाना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश में अनेक यूनिकॉर्न है। प्रदेश में 14,000 से अधिक स्टार्टअप हैं। इनमें से 7,000 स्टार्टअप्स को महिलाएं लीड कर रही हैं। महिलाओं ने जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में कुछ अलग करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि हम आश्चर्यचकित हैं कि प्रदेश में फिजिक्स वाला एक यूनिकॉर्न बन गया है। इस फील्ड में पहले भी अवसर थे, लेकिन उनको भुनाने का काम इन्होंने किया। प्रदेश के प्रतियोगी व स्कूली विद्यार्थियों ने इस यूनिकॉर्न को हाथों-हाथ लिया। प्रदेश के जिन जनपदों को तकनीक से अनभिज्ञ माना जाता था, आज वहां पर भी फिजिक्स वाला पहुंचा हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र में हम लोग एग्रीटेक पर कार्य कर रहे हैं। हमने इसके लिए 4,000 करोड़ रुपये का फण्ड भी क्रिएट किया है। उत्तर प्रदेश, देश में खाद्यान्न, गन्ना, चीनी तथा एथेनॉल उत्पादन में प्रथम स्थान पर है। प्रदेश में वर्तमान में हो रहे उत्पादन से तीन गुना अधिक उत्पादन की क्षमता है। राज्य में सर्वाधिक उर्वर भूमि, सबसे अच्छा जल संसाधन, अच्छी कनेक्टिविटी तथा बेहतरीन बाजार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के बुन्देलखण्ड में बालिनी मिल्क प्रोड्यूसर्स है। वर्ष 2019 में बुन्देलखण्ड दौरे के दौरान पांच महिलाओं ने रोजगार की मांग की थी। प्रदेश सरकार द्वारा मिल्क प्रोड्यूसर्स के रूप में उन्हें प्रशिक्षण प्रदान किया गया। वर्तमान में उनका टर्नओवर 1,500 करोड़ रुपये का है। इस समय उनके साथ 42,000 महिलाएं जुड़ी हैं। आगरा से सम्बन्धित मिल्क प्रोड्यूसर्स महिलाएं इससे भी अच्छा काम कर रही हैं।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।