कमलापति त्रिपाठी पार्क में डेयरी बूथ बनाए जाने से लोगों में आक्रोश

Spread the love

सरकार के नापाक इरादों से डट कर मुकाबला करेंगे बनारस के लोग- स्मारक समिति 

वाराणसी। सम्पूर्णानंद के बाद अब काशी में कमलापति त्रिपाठी के स्मारक में अतिक्रमण को लेकर विवाद उठ खड़ा हुआ है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पूर्व सम्पूर्णानंद स्टेडियम से हटाया गया सम्पूर्णानंद जी का नाम उद्वेलन का कारण बना था और जनमत के भारी दबाव के बाद वह नामकरण बहाल हुआ था। अब वाराणसी रेलवे स्टेशन के सामने के इंग्लिशिया लाइन तिराहे पर काशी के गौरव पं.कमलापति त्रिपाठी के प्रतिमा पार्क के निशाने पर आने को लेकर विरोध के स्वर खड़े होने लगे हैं।

ज्ञातव्य है कि कभी इंग्लिशिया लाइन तिराहे छोटा सा तिकोना भूखंड 1990 के दशक के आरंभ में नगर निगम द्वारा पं.कमलापति त्रिपाठी प्रतिमा स्थल के पार्क के रूप में आबंटित हुआ था और राज्यपाल मोतीलाल वोरा ने प्रतिमा स्मारक का वहां पर शिलान्यास किया था। पं.कमलापति त्रिपाठी प्रतिमा स्मारक समिति द्वारा प्रतिमा स्थापना का कार्य वहां कराया गया। स्मारक सहित वह नन्हा सा भूखंड नगर निगम के नजरी नक्शे में पं.कमलापति त्रिपाठी पार्क के रूप में ही अंकित है, जिसे अब इंग्लिशिया लाइन पार्क बताकर नगर निगम के उद्यान विभाग ने प्रतिमा स्मारक स्थल के एक हिस्से को मदर डेयरी को मिल्क बूथ के लिये आबंटित कर दिया और आनन फानन में बूथ खड़ा भी करा दिया गया है। ज्ञातव्य है कि उक्त स्थल पर कमलापति त्रिपाठी जयंती एवं पुण्यतिथि सहित कई अवसरों पर कार्यक्रम भी होते रहे हैं। बूथ बन थाने की जानकारी होते ही नगर में कमलापति त्रिपाठी के प्रशंसकों, कांग्रेस एवं कमलापति त्रिपाठी फाऊंडेशन से जुड़े लोगों में रोष व्याप्त हो गया है। वहां बूथ निर्माण को काशी का गौरव माने जाते रहे त्रिपाठी जी का अपमान मानते हुये विरोध के स्वर‌ खड़े होने लगे हैं। लोगों का कहना है कि बूथ के लिये जगह सामने फ्लाईओवर के नीचे नाइट मार्केट में भी आबंटित की जा सकती थी, लेकिन यह काम जानबूझ कर त्रिपाठी जी एवं उनके प्रतिमा स्मारक की मर्यादा को धूमिल एवं आहत करने की भावना से गुपचुप किया गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *