चोलापुर/ थाना क्षेत्र के ग्रामसभा गोसाईंपुर मोहांव व टेकारी स्थित प्राचीन आस्था केंद्र धुरेश्वरी धाम में शनिवार, को भव्य धार्मिक अनुष्ठान के साथ राधारानी एवं भगवान श्रीकृष्ण की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। पूरे कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। मंदिर प्रांगण में पांच हवन कुंड बनाए गए, जहां पांच दंपत्तियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कथा श्रवण किया। आचार्यों एवं ब्राह्मणों द्वारा वैदिक परंपरा के अनुसार समस्त अनुष्ठान संपन्न कराए गए। श्रद्धालुओं ने पूजन के उपरांत प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ अर्जित किया। दोपहर से प्रारंभ हुआ विशाल भंडारा देर रात तक चलता रहा। हजारों की संख्या में ग्रामीणों व आसपास के क्षेत्रों से आए भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में अनुशासन और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।


ज्ञातव्य है कि धुरेश्वरी धाम परिसर में पूर्व से ही मां धुरेश्वरी, भगवान शंकर महादेव, हनुमान जी तथा बनशत्ती देवी की प्रतिमाएं स्थापित हैं। स्थानीय श्रद्धालुओं के सहयोग और समर्पण से मंदिर की नींव रखी गई थी, जो एक वर्ष के भीतर पूर्ण आकार ले सका। इस अवसर पर चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह, अजगरा विधायक त्रिभुवन राम, सकलडीहा के विधायक प्रभुनारायण यादव, जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र यादव, गोसाईंपुर मोहांव के निवर्तमान प्रधान रामजनम यादव, टेकारी के प्रधानपति जित्तन यादव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंदिर के पुजारी महंत मेवा दास ने किया। राधा-कृष्ण की प्राण प्रतिष्ठा के साथ धुरेश्वरी धाम में भक्ति, श्रद्धा और सनातन परंपरा का नया अध्याय जुड़ गया है।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
