मऊ में अंडरपास,रेल फाटकों की समस्या के समाधान को लेकर मंत्री ए के शर्मा सक्रिय

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर अंडरपास निर्माण की मांग*

NTPC

हैदरनगर और अलीनगर को जोड़ने वाली सड़क एवं ठकुरमनपुर रेलवे फाटक पर अंडरपास बनने से हजारों लोगों को मिलेगी राहत

*रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन*

मऊ‌ । नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने जनपद मऊ में आमजन की सुविधा एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय रेल मंत्री भारत सरकार अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर महत्वपूर्ण रेलवे क्रॉसिंगों पर अंडरपास निर्माण कराए जाने का अनुरोध किया है। मंत्री शर्मा ने पत्र में जनहित को प्राथमिकता देते हुए मऊ–शाहगंज रेलखंड के विभिन्न स्थानों पर अंडरपास या रेल फाटक बनाए जाने की आवश्यकता पर विस्तार से उल्लेख किया है।

मंत्री श्री शर्मा ने अपने पत्र में बताया कि मऊ–शाहगंज रेलखंड पर हैदरनगर और अली नगर को जोड़ने वाले मार्ग पर अंडरपास न होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन के लिए लगभग 5 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इससे क्षेत्र के हजारों लोग प्रतिदिन प्रभावित होते हैं और उन्हें अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने जनहित में इस स्थान पर अंडरपास निर्माण को अत्यंत आवश्यक बताते हुए शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया है।

इसके साथ ही मंत्री शर्मा ने मऊ–शाहगंज रेलखंड पर बरलाई–खानपुर मार्ग स्थित ठकुरमनपुर रेलवे लाइन के (5सी) फाटक पर भी अंडरपास निर्माण की मांग की है। उन्होंने बताया कि इस रेलवे फाटक पर अंडरपास न होने के कारण स्थानीय लोगों को लगभग 8 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय कर आवागमन करना पड़ता है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोगों का आना-जाना होता है और अंडरपास बन जाने से खानपुर, बरलाई, अछार, हकीकतपुर वार्ड, ठकुरमनपुर एवं काझाखुर्द सहित आसपास के गांवों की लगभग 15 हजार आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।

मंत्री शर्मा ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि जनपद मऊ में संपर्क संख्या 14सी, 25सी एवं 27सी पर भी रेल फाटक अथवा अंडरपास बनाए जाने की आवश्यकता है। इन मार्गों से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न धार्मिक आयोजनों और जुलूसों जैसे दुर्गा पूजा, लक्ष्मी पूजा, मोहम्मदी आदि के दौरान भी इन्हीं रास्तों का व्यापक रूप से उपयोग किया जाता है, जिससे इन स्थानों पर सुरक्षित और सुगम आवागमन की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक हो जाती है।

इस संबंध में मंत्री शर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से दूरभाष पर भी वार्ता की। रेल मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इन प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई करने तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर कार्य को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया है। मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि इन स्थानों पर अंडरपास या रेल फाटक बनने से क्षेत्र के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम हो सकेगा।

इसके साथ ही मंत्री शर्मा ने मऊ के इंदारा अदरी रेलवे क्रॉसिंग पर बना रहे रेलवे ओवरब्रिज का पिछले सप्ताह रात्रि में निरीक्षण किया। रात्रि में भी चल रहे कार्य को देखकर उन्होंने संतोष जाता है कि एक वर्ष में यह बनकर तैयार हो जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *