सुरक्षित एवं सजग निवेश पर विशेषज्ञ द्वारा साझा की गई महत्वपूर्ण जानकारी

धनबाद। कोयला भवन मुख्यालय में आज रीजनल इन्वेस्टर सेमिनार फॉर अवेयरनेस कार्यक्रम के तहत बीएससी द्वारा एक इन्वेस्टर अवेयरनेस प्रोग्राम (आईएपी) का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य शेयर बाजार में निवेश हेतु इच्छुक निवेशकों को जागरूक एवं सशक्त बनाना था। बीएसई लिमिटेड के इन्वेस्टर प्रोटेक्शन फंड (आईपीएफ) द्वारा भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के सहयोग से ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं, जिनके माध्यम से निवेशकों को सुरक्षित, सतर्क एवं सूचित निवेश के प्रति मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है। इसी क्रम में उक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सीएमडी बीसीसीएल मनोज कुमार अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी) संजय कुमार सिंह, कंपनी सेक्रेटरी देबुनुज देबनाथ सहित कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधकगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। साथ ही, सभी क्षेत्रों के क्षेत्रीय महाप्रबंधक एवं अधिकारी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को निवेश से संबंधित आवश्यक सावधानियों एवं अपनाए जाने योग्य उपायों की जानकारी दी गई तथा बाजार में प्रचलित विभिन्न प्रकार की धोखाधड़ी, जैसे फर्जी निवेश योजनाएं, अनधिकृत सलाहकार एवं भ्रामक निवेश सुझाव के प्रति सचेत किया गया। इसके अतिरिक्त, प्रतिभागियों को शिकायत निवारण प्रणाली की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, जिससे वे किसी भी प्रकार की समस्या या धोखाधड़ी की स्थिति में उचित सहायता प्राप्त कर सकें। उन्हें यह भी बताया गया कि आधिकारिक मंचों के माध्यम से शिकायत किस प्रकार दर्ज की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि उनकी शिकायतों का प्रभावी समाधान हो।
अपने संबोधन में सीएमडी, मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि निवेश के क्षेत्र में जागरूकता, अनुशासन एवं सतर्कता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि निवेशकों को किसी भी निर्णय से पूर्व समुचित जानकारी प्राप्त करनी चाहिए तथा केवल अधिकृत एवं विश्वसनीय स्रोतों पर ही भरोसा करना चाहिए। उन्होंने प्रलोभनों से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि दीर्घकालिक दृष्टिकोण एवं धैर्यपूर्ण निवेश ही स्थायी आर्थिक सुदृढ़ता का आधार है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में वित्तीय साक्षरता प्रत्येक नागरिक के लिए महत्वपूर्ण हो गई है तथा ऐसे कार्यक्रम निवेशकों को सही दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और समाज में भी सुरक्षित निवेश के प्रति जागरूकता फैलाएं।
कार्यक्रम का संचालन कॉमन इन्वेस्टर सर्विस सेंटर बीएसई रांची के प्रबंधक श्री करण द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रतिभागियों को विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने पॉवरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से बचत एवं निवेश, शेयर बाजार में निवेश का चक्रवृद्धि प्रभाव, इक्विटी में निवेश करते समय ध्यान देने योग्य मूलभूत पहलू, विभिन्न शुल्क एवं कर, व्यापार एवं निपटान चक्र सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी साझा की। प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया और कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम न केवल निवेशकों को सशक्त बनाते हैं, बल्कि उन्हें वित्तीय निर्णयों में आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
