*जिला स्तरीय समिति का पहला प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न, डिजिटल प्रक्रिया पर जोर*

चन्दौली। जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति का पहला प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुआ। इसकी अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार ने की। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने आगामी जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर निर्देश जारी किए। उन्होंने बताया कि यह 1872 से अब तक की 16वीं और स्वतंत्रता के बाद की 8वीं जनगणना होगी। जनगणना-2027 का कार्य पूरी तरह से डिजिटल माध्यम से मोबाइल ऐप और पोर्टल के जरिए किया जाएगा। इस डिजिटल प्रक्रिया को त्रुटिहीन बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को तकनीक के उपयोग हेतु सजग रहने और समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनगणना के लिए दो मास्टर ट्रेनर और 66 फील्ड ट्रेनर तैयार कर लिए गए हैं। प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की सूची का डिजिटल संधारण पहले ही किया जा चुका है, जिससे CMMS पोर्टल पर जनगणना पदाधिकारियों का डेटाबेस अपलोड करने की प्रक्रिया तेज और सुगम हो सके। समिति को जनगणना कार्य निदेशालय के प्रतिनिधि मनोज ने जनगणना पर प्रशिक्षण दिया। जनगणना का कार्य दो चरणों में किया जाना है। पहले चरण में भवन गणना और दूसरे चरण में जनसंख्या गणना होगी। इस जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक में सदस्य उप जिलाधिकारीगण, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (एनआईसी), जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और अपर जिला सूचना अधिकारी उपस्थित रहे।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
