एनटीपीसी औरैया में ऊषा अंतर्राष्ट्रीय लिमिटेड, सिलाई केंद्र के सौजन्य से त्रैमासिक ‘उड़ान’ सिलाई प्रशिक्षण का शुभारम्भ

Spread the love

महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार संवर्धन की दिशा में सशक्त पहल

औरैया। एनटीपीसी औरैया परियोजना में नैगम सामाजिक दायित्व (सी.एस.आर.) नीति के अंतर्गत 07 फरवरी, 2026 को ‘उड़ान’ सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह पहल परियोजना प्रभावित ग्रामों की महिलाओं एवं युवतियों को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने तथा स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ‘उड़ान’ सिलाई प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से परियोजना प्रभावित गाँवों की महिलाओं एवं युवतियों को तीन माह का व्यवस्थित एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह प्रशिक्षण ऊषा इंटरनेशनल लिमिटेड सिलाई प्रशिक्षण केंद्र के सहयोग से संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य प्रतिभागियों को सिलाई-कढ़ाई से संबंधित दक्षताओं में प्रशिक्षित कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

कार्यक्रम का शुभारम्भ परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी औरैया,  शुभाशीष गुहा द्वारा किया गया। इस अवसर पर उनके साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य केंद्र – डॉ. संदीप कुमार गुप्ता, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन), तन्मय दत्ता, प्रबंधक (मानव संसाधन)  आलोक अधिकारी, जागृति महिला मंडल की समिति सदस्याएँ, तथा ऊषा अंतर्राष्ट्रीय लिमिटेड, सिलाई सेंटर, लखनऊ के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर श्री आलोक त्रिपाठी उपस्थित रहे। सभी गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई।

अपने संबोधन में आलोक त्रिपाठी, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर, ऊषा अंतर्राष्ट्रीय लिमिटेड, सिलाई सेंटर, लखनऊ ने तीन माह की अवधि वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा, नियमावली तथा प्रशिक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ विस्तार से साझा कीं। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण न केवल तकनीकी दक्षता प्रदान करेगा, बल्कि प्रतिभागियों में आत्मविश्वास भी विकसित करेगा, जिससे वे भविष्य में स्वरोजगार अथवा लघु उद्यम स्थापित करने में सक्षम बन सकेंगी।

परियोजना प्रमुख  शुभाशीष गुहा ने अपने उद्बोधन में उपस्थित महिलाओं एवं कन्याओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “कौशल विकास ही आत्मनिर्भरता की आधारशिला है। एनटीपीसी सदैव समुदाय के समग्र एवं सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है और आगे भी ऐसी पहलों के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने का प्रयास जारी रखेगा।” उन्होंने प्रतिभागियों को पूरे मनोयोग, अनुशासन एवं समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर परियोजना प्रभावित गाँवों से आई 30 महिलाओं एवं युवतियों ने अपना परिचय देते हुए पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने की इच्छा व्यक्त की। उनकी सीखने की ललक, आत्मनिर्भर बनने का संकल्प एवं सकारात्मक ऊर्जा ने कार्यक्रम को विशेष रूप से प्रेरणादायक बना दिया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, उनके आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में एक प्रभावी प्रयास सिद्ध होगा। एनटीपीसी औरैया की यह पहल सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के प्रति उसकी सतत प्रतिबद्धता को पुनः सशक्त रूप में अभिव्यक्त करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *