फूलपुर। इफको के अध्यक्ष दिलीप भाई संघानी ने 76 में गणतंत्र दिवस के अवसर पर इफको फूलपुर के परिसर में मुख्य अतिथि के रूप में झंडा रोहण किया, झंडा रोहण के उपरांत अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि, इफको हमेशा किसानों के हित में काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। और प्रधानमंत्री के सहकार से समृद्धि के दृष्टिकोण के अनुरूप कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि फूलपुर इकाई न केवल उर्वरक उत्पादन में अग्रणी है बल्कि वह किसानो की जरूरत को समझ कर उन्हें उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद और सेवाएं प्रदान कर रही है।

अपने उद्बोधन में श्री संघानी ने गत दिवस भारत मंडपम में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सहकारी संघ के कार्यक्रम का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस संगठन के 145 वर्षों के इतिहास में पहली बार भारत ने इसकी मेजबानी की है, जिसमें 110 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों, सहकारी संगठनों के नेताओं और विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया यह संगठन सहकारी संगठनों को एक साथ लाने और वैश्विक चुनौतियों का समाधान ढूंढने का एक ऐतिहासिक मंच है। उन्होंने बताया कि, इस कार्यक्रम का उद्देश्य सहकारी क्षेत्र को सशक्त करना, वैश्विक स्तर पर सहयोग को बढ़ावा देना और सत्तत विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहकारी संगठनों की भूमिका को रेखांकित करना था।
उन्होंने कहा कि इफको के इन प्रयासों का उद्देश्य न केवल किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, बल्कि सहकारी मॉडल को एक प्रभावी समाधान के रूप में प्रस्तुत करना भी है।
अपने संबोधन में श्री संघानी ने महाकुंभ 2025 की चर्चा करते हुए कहा कि यह सनातन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है यह पर्व न केवल भारत की आध्यात्मिक शक्ति को प्रदर्शित करता है, बल्कि सहकारी भावना को बढ़ावा देने का भी अवसर है। इफको कुंभ क्षेत्र के गंगा पंडाल के नजदीक प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों और श्रद्धालुओं के लिए विशेष सेवाएं व जागरूकता कार्यक्रम चला रही है।
श्री संघानी ने इफको फूलपुर इकाई मैं इस्तेमाल हो रही नई तकनीक और पर्यावरण के अनुकूल कार्य प्रणाली की सराहना की। अपने भाषण के अंत में श्री संघानी ने घियानगर वासियों, इफको के अधिकारियों, कर्मचारी, को 76 में गणतंत्र दिवस की शुभकामना दी।
झंडारोहण के इस कार्यक्रम में इकाई प्रमुख संजय कुदेशिया ,आफिसर एशोसियेशन के अध्यक्ष अनुराग तिवारी, महासचिव स्वयं प्रकाश, कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष पंकज पांडे, महासचिव विजय यादव तथा उनके कार्यकारिणी के सभी सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का ओज पूर्ण संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन शरद अग्निहोत्री ने किया।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।