कांशीराम जी की जयंती पर साइकिल रैली निकाली गई

चंदौली में उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया
चन्दौली । मान्यवर कांशीराम की जयंती के अवसर पर पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बिरेन्द्र बिन्द “डॉक्टर” के नेतृत्व में एक साइकिल रैली निकाली गई। यह रैली रेवसा रिंग रोड से शुरू होकर मुख्यालय स्थित कार्यालय पहुंची, जहां यह एक सभा में बदल गई। इस अवसर पर मान्यवर कांशीराम के व्यक्तित्व और दलितों, शोषितों तथा वंचितों के अधिकारों के लिए उनके संघर्ष को याद किया गया। कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। रैली का नेतृत्व कर रहे बिरेन्द्र बिन्द “डाक्टर” ने बताया कि मान्यवर कांशीराम का जन्म 15 मार्च 1934 को पंजाब प्रांत के रोपड़ जिले में हुआ था। उन्होंने बीएससी साइंस की डिग्री हासिल करने के बाद ‘सबको शिक्षित, सबको संगठित’ और ‘सामाजिक न्याय, बहुजन चेतना’ जैसे सिद्धांतों पर काम किया।
बिरेन्द्र बिन्द ने आगे कहा कि कांशीराम ने ‘जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी’ के नारे के साथ समाज को जगाने के लिए निरंतर संघर्ष किया। उन्होंने लोगों को जागरूक करने का काम किया। बिन्द ने जोर दिया कि ऐसे महान पुरुष की जयंती पर साइकिल यात्रा निकालकर आम जनता में चेतना जगाई जा रही है, जिन्होंने समाज को एक धागे में पिरोने के लिए हमेशा संघर्ष किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बहुजन समाज अब भी नहीं चेतता तो इससे बड़ी विडंबना और कुछ नहीं हो सकती। इस मौके पर वसीम अहमद, राजकुमार पप्पू, राजू बिन्द, राज चौहान, डॉ. गुरुचर बिन्द, डॉ. कैलाश बिन्द, संजय यादव, बबलू बिन्द, समुन्दर बिन्द, बाबा बिन्द और रामधनी यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
