एनटीपीसी औरैया में भव्य समारोह : महिलाओं की उपलब्धियों का उत्सव

 नारी शक्ति को नमन : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 

NTPC

औरैया/ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर 7 मार्च 2026 को एनटीपीसी औरैया के प्रशासनिक भवन स्थित प्रेक्षागृह में एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और व्यावसायिक उपलब्धियों का उत्सव मनाते हुए उनके अमूल्य योगदान को हार्दिक सराहना एवं सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनटीपीसी औरैया के परियोजना प्रमुख श्री शुभाशीष गुहा एवं जागृति महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती मंजरी गुहा रहीं। समारोह का शुभारम्भ करते हुए सर्वप्रथम अध्यक्षा, जागृति महिला मंडल श्रीमती मंजरी गुहा द्वारा उपस्थित सभी महिलाओं को सम्मानस्वरूप रोज़बड भेंट किया गया। तदोपरांत मुख्य अतिथियों द्वारा केक काटकर उत्साहपूर्वक अंतर्राष्ट्रीय  महिला दिवस कार्यक्रम का आगाज़ किया गया।

इस गरिमामय अवसर पर अपर महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्षगण, वरिष्ठ अधिकारीगण, जागृति महिला मंडल की पदाधिकारी एवं सदस्याएँ, केंद्रीय विद्यालय एवं सेंट जोसेफ सीनियर सेकेंड्री स्कूल की प्राचार्या एवं शिक्षिकाएँ, एनटीपीसी की महिला कर्मचारी तथा संविदा महिला कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह में महिला सशक्तिकरण के विविध आयामों पर विस्तृत एवं ज्ञानवर्धक प्रस्तुतिकरण दिया गया, जिसमें निम्नलिखित विषयों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया:

  महिलाओं के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकार

 कार्यस्थल पर सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता

सामाजिक एवं आर्थिक समानता का अधिकार

 वैचारिक स्वतंत्रता एवं आत्म-अभिव्यक्ति

  विश्व प्रसिद्ध महिला विभूतियों की प्रेरणादायक उपलब्धियाँ

इस दौरान सभी उपस्थित महिलाओं ने स्वतंत्र रूप से अपने विचार, अनुभव एवं भावनाएँ सभी के समक्ष साझा कीं। सभी ने एकस्वर में कहा कि एनटीपीसी औरैया परिवार का अंग बनकर उन्हें अत्यंत गर्व एवं गौरव की अनुभूति होती है।

कार्यक्रम के विशेष सम्मान समारोह में एनटीपीसी की महिला कर्मचारियों सहित सभी उपस्थित महिलाओं को मुख्य अतिथियों द्वारा स्मृतिचिह्न भेंट कर हार्दिक सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान उनके कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण एवं संगठन के प्रति योगदान का प्रतीक है।

परियोजना प्रमुख  शुभाशीष गुहा ने अपने प्रेरणापूर्ण उद्बोधन में महिलाओं को संबोधित करते हुए आत्मनिर्भरता, करियर विकास (Career Growth) और कार्य-जीवन संतुलन (Work-Life Balance) के महत्त्व पर अत्यंत प्रेरक विचार साझा किए। उन्होंने महिलाओं को निरंतर आगे बढ़ने और अपने स्वप्नों को साकार करने के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने कहा कि एनटीपीसी परिवार सदैव महिला कर्मचारियों के सर्वांगीण विकास एवं सशक्तिकरण हेतु प्रतिबद्ध है तथा संगठन की प्रगति में उनकी भूमिका अतुलनीय एवं अपरिहार्य है। यह आयोजन सभी प्रतिभागियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक, उत्साहवर्धक एवं यादगार रहा। इस समारोह ने महिलाओं में आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया। उपस्थित सभी महिलाओं ने यह संकल्प लिया कि वे अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संगठन और समाज को गौरवान्वित करती रहेंगी। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ अत्यंत सफलतापूर्वक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *