लखनऊ मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबन्धन पर्व के अवसर पर प्रदेश सरकार ने तय किया है कि 08, 09 और 10 अगस्त को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम तथा नगर विकास की सभी बसों में बहनों को निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि 09 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन घटना का दिवस है, जो देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों के स्मरण हेतु आयोजित किया जाता है। 15 अगस्त को देश की आजादी का पावन पर्व मनाया जाएगा। आजादी के एक दिन पूर्व 14 अगस्त को विभाजन की त्रासदी का दिवस पड़ेगा। भारत सरकार ने तय किया है कि 13, 14 व 15 अगस्त को प्रत्येक भारतवासी अपने घर, प्रतिष्ठान, संस्था में देश की आन-बान-शान का प्रतीक तिरंगे का आरोहण अवश्य करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 16 अगस्त को ‘परित्राणाय साधूनां विनाशाय च दुष्कृताम‘ को चरितार्थ करने वाले भगवान श्रीकृष्ण की पावन जन्माष्टमी है। इस दौरान हम पर्व व त्योहारों की लम्बी श्रृंखला के साथ जुड़ेंगे। इस त्योहारी सीजन में हमें स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना होगा। पहले पर्व व त्योहारों पर बाजारों में चीन की वस्तुएं छायी रहती थीं। इससे चीनी कम्पनियों को काफी मुनाफा होता था। दूसरे देश में जाने वाला धन भारत के विकास में सहायक नहीं हो पाता था। प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गयी ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना का लाभ हमारे हस्तशिल्पियों व कारीगरों को प्राप्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब पर्व व त्योहारों पर लोग स्थानीय वस्तुआेंं को खरीदकर उपहार के रूप में अपने सगे-सम्बन्धियों को प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि आज मंच पर जो मूर्ति उन्हें प्रदान की गयी, वह सहारनपुर की बनी लकड़ी की शानदार मूर्ति है। यह मूर्ति सहारनपुर की पहचान बनेगी। कारीगरों को रोजगार व मुनाफा प्राप्त होगा। इसी परिकल्पना को आगे बढ़ाते हुए हमें विकसित भारत में अपना योगदान देना होगा।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
