ब्रह्मोस इंटीग्रेशन एंड टेस्टिंग फैसिलिटी रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता के प्रयास को मजबूती प्रदान करेगी – रक्षा मंत्री

रक्षा मंत्री (वर्चुअल माध्यम से) तथा मुख्यमंत्री ने उ0प्र0 डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर के लखनऊ नोड में ब्रह्मोस एयरोस्पेस इण्टीग्रेशन एण्ड टेस्टिंग फैसिलिटी का उद्घाटन किया

हमारा सपना कि उ0प्र0 दुनिया के टॉप डिफेंस प्रोडक्शन और एक्सपोर्ट डेस्टिनेशन के रूप में जाना जाए : रक्षा मंत्री

रक्षा सामग्री की आपूर्ति के लिए अन्य देशों पर निर्भर होने के स्थान पर स्वयं आत्मनिर्भर होना किसी भी स्वावलम्बी देश के लिए आवश्यक : मुख्यमंत्री

रक्षा मंत्री तथा मुख्यमंत्री ने वर्ल्ड डिफेंस अपडेट-2025 पत्रिका का विमोचन किया

लखनऊ :रक्षा मंत्री, भारत सरकार राजनाथ सिंह तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आज यहां उत्तर प्रदेश डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर के लखनऊ नोड में ब्रह्मोस एयरोस्पेस इण्टीग्रेशन एंड टेस्टिंग फैसिलिटी उद्घाटन किया गया। डिफेंस और एयरोस्पेस सेक्टर में आत्मनिर्भरता के लिए ‘मेक इन इण्डिया’ अभियान के तहत इस फैसिलिटी की स्थापना की गयी है। उन्होंने टाइटेनियम एण्ड सुपर एलॉय मैटेरियल प्लाण्ट का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर स्टै्रटजिक मैटेरियल टेक्नोलॉजी कॉम्प्लेक्स के एयरोस्पेस प्रेसिसन कास्टिंग प्लाण्ट, टै्रक प्रेसिसन सॉल्यूशन यू0के0, एयरोस्पेस फोर्ज शॉप एण्ड मिल प्रोडक्ट्स प्लाण्ट, एयरोस्पेस प्रेसिसन मशीनिंग शॉप, स्टै्रटजिक पाउडर मैटलर्जी फैसिलिटी, स्ट्राइड एकेडमी तथा पी0टी0सी0 रिसर्च एण्ड डेवलपमेण्ट सेण्टर का शिलान्यास किया गया। रक्षा मंत्री जी कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जी ने ब्रह्मोस एयरोस्पेस द्वारा चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। रक्षा मंत्री जी तथा मुख्यमंत्री जी ने डी0आर0डी0ओ0 की पत्रिका वर्ल्ड डिफेंस अपडेट-2025 का विमोचन किया। इस अवसर पर देश के रक्षा विकास से सम्बन्धित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गयी।

केन्द्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि आज का दिन लखनऊ, उत्तर प्रदेश और पूरे देश के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। आज ब्रह्मोस एयरोस्पेस इण्टीग्रेशन एंड टेस्टिंग फैसिलिटी का उद्घाटन किया गया है। यह हमारे वैज्ञानिकों और इंजीनियरों के कार्यों को मान्यता देने, उसे रिकग्नाइज करने और उनके योगदान को स्मरण करने का दिन है। आज का दिन उस शक्ति की आराधना का दिन है, जो हमारी सेनाओं को सम्बल प्रदान करती है और जो हमारी सेनाओं में निहित होकर दुश्मन पर कहर बरपाती है।
रक्षा मंत्री जी ने कहा कि आज नेशनल टेक्नोलॉजी डे है। आज के ही दिन वर्ष 1998 में श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में हमारे वैज्ञानिकों ने पोखरण में परमाणु परीक्षण कर दुनिया को भारत की ताकत का एहसास कराया था। वह परीक्षण हमारे वैज्ञानिकों, इंजीनियरों, डिफेंस कार्मिकों और अन्य अनेक स्टेकहोल्डर्स के अथक प्रयासों का परिणाम था। आज का दिन उनके लिए भी व्यक्तिगत रूप से बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि उन्होंने अपने शहर लखनऊ के लिए एक सपना देखा था कि यह शहर भारत के डिफेंस सेक्टर को मजबूत करने में एक बड़ा योगदान दे। यह सपना आज पूरा हुआ है।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की रक्षा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए स्वयं को ग्रोथ इंजन के रूप में स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के विजन के अनुरूप रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का लक्ष्य प्राप्त करते हुए मेक इन इण्डिया की अवधारणा को आगे बढ़ाने के क्रम में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ब्रह्मोस एयरोस्पेस इण्टीग्रेशन एवं टेस्टिंग फैसिलिटी का उद्घाटन किया जा रहा है। रक्षा सामग्री की आपूर्ति के लिए अन्य देशों पर निर्भर होने के स्थान पर स्वयं आत्मनिर्भर होना किसी भी स्वावलम्बी देश के लिए आवश्यक है। रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भर देश गर्व के साथ अपनी सम्प्रभुता व सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी तथा रक्षा मंत्री जी ने उत्तर प्रदेश को डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग के महत्वपूर्ण केन्द्र के रूप में विकसित करने के लक्ष्य को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। वर्ष 2018 में प्रदेश की पहली इन्वेस्टर्स समिट लखनऊ में आयोजित की गयी थी। उस समय केन्द्रीय बजट में 02 डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर के निर्माण की घोषणा की गयी थी। जिसमें से एक डिफेंस कॉरिडोर उत्तर प्रदेश में स्थापित करने का निर्णय प्रधानमंत्री जी द्वारा लिया गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत रक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर के 06 नोड तय किये गये। इनमें लखनऊ, कानपुर, आगरा, अलीगढ़, झांसी और चित्रकूट नोड सम्मिलित हैं। इन सभी नोडों पर तेजी से कार्य चल रहा है। कानपुर में रक्षा सेनाओं के लिए गोला-बारूद बनाने का केन्द्र स्थापित किया गया है। लखनऊ में पी0टी0सी0 कम्पनी द्वारा भी ब्रह्मोस तथा एयरोस्पेस से जुड़े हुए सभी कार्यां के लिए एंकर यूनिट के रूप में कार्य प्रारम्भ किया गया है। यहां पर ब्रह्मोस से जुड़ी लगभग 07 एंकर यूनिट्स स्थापित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 06 डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर में 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इसके माध्यम से 01 लाख युवाओं को रोजगार प्राप्त होगा। इस क्षेत्र में देश तथा दुनिया के अलग-अलग भागों से प्रदेश के साथ अब तक 57 एम0ओ0यू0 किये जा चुके हैं। इनके माध्यम से प्रदेश के रक्षा क्षेत्र में 30 हजार करोड़ रुपये का निवेश होने जा रहा है। डी0आर0डी0ओ0, पी0टी0सी0, एल0 एण्ड टी0, गोदरेज, बी0डी0एल0 आदि इकाइयां स्थानीय स्तर पर ट्रेनिंग देकर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएंगी। ब्रह्मोस एयरोस्पेस द्वारा ए0के0टी0यू0 में सम्पन्न करायी गयी परीक्षा के माध्यम से प्रदेश के अनेक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया है। भारत डॉयनेमिक्स लि0 वर्ष 2021 से झांसी में अपना कार्य तेजी से आगे बढ़ा रहा है। वर्ष 2013-14 में भारत द्वारा किये गये रक्षा निर्यात से आज कई गुना अधिक रक्षा निर्यात किया जा रहा है। भारत द्वारा अनेक मित्र राष्ट्रों की सुरक्षा आवश्यकताओं की पूर्ति की जा रही है।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश, देश का रेवेन्यु सरप्लस स्टेट है। यह देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा राज्य की कनेक्टिविटी तथा इण्टरस्टेट कनेक्टिविटी को 4-लेन के साथ जोड़ा गया है। उत्तर प्रदेश सर्वाधिक एयरपोर्ट वाला राज्य है। वर्तमान में यहां 04 इण्टरनेशनल एयरपोर्ट क्रियाशील हैं। इस वर्ष 5वां इण्टरनेशनल एयरपोर्ट क्रियाशील होने जा रहा है। यह एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा। राज्य में सर्वाधिक एक्सप्रेस-वे तथा रेलवे का नेटवर्क है। सर्वाधिक मेट्रो संचालित हो रही हैं। देश की पहली रैपिड रेल उत्तर प्रदेश में है। राज्य में वाराणसी से हल्दिया के बीच स्थित देश का पहला इनलैण्ड वॉटर-वे स्थित है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया। इस अवसर पर औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, सांसद ब्रजलाल, विधायक डॉ0 राजेश्वर सिंह, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, सचिव डी0आर0डी0ओ0 डॉ0 समिर वी कामत, डी0जी0 ब्रह्मोस एयरोस्पेस डॉ0 जयतीर्थ आर0 जोशी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।  

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *