हज यात्रियों के नियमों में कई बदलाव

सोनभद्र। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा ने अवगत कराया है कि हज यात्रियों के नियमों में कई बदलाव किए गए हैं। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार यात्रा को व्यवस्थित, तकनीकी व सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया गया है। हज यात्रियों को स्मार्ट वाच दी जाएगी। इससे वे अगर यात्रा में बिछुड़ेंगे तो जानकारी हो सकेगी। खानपान के लिए कैटरिंग की व्यवस्था की जाएगी। अब तक स्वयं ही खाना बनाना पड़ता था। हज कमेटी आफ इंडिया की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 15 मार्च तक हज यात्रा की अंतिम किस्त जमा कराई गई है, लेकिन इसमें कैटरिंग की व्यवस्था नहीं की है।
सभी यात्रियों को इस मद में राशि बाद में जमा करनी होगी। इससे यात्रियों को अलग से भोजन की व्यवस्था नहीं करनी पड़ेगी। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति ने सभी जिलों को जारी निर्देश अनुसार कैटरिंग के माध्यम से खाना उपलब्ध कराया जाएगा। प्रत्येक हज यात्री को स्मार्ट वाच भी दी जाएगी। इसमें यात्री की पूरी जानकारी होगी। यह जीपीएस से भी जुड़ी होगी। इससे किसी भी समस्या या रास्ता भटकने की स्थिति में मदद मिल सकेगी। यात्रियों को इसे हमेशा चार्ज रखने की सलाह दी गई है।
हज यात्रियों को उड़ान से दो दिन पहले निर्धारित स्थल पर पहुंचना अनिवार्य होगा। यात्रा से 24 घंटे पहले ही सभी दस्तावेज व आवश्यक तैयारियां पूरी करनी होंगी। पासपोर्ट को लेकर भी सख्ती बढ़ाई गई है। हज यात्रा को लेकर 6 नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इनसे हज यात्रा न केवल सुरक्षित होगी, यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। बोर्डिंग के समय यात्रियों को अपना पासपोर्ट प्रस्तुत करना होगा। पासपोर्ट किसी कारण से क्षतिग्रस्त पाया गया तो यात्रा बाधित हो सकती है। यात्रियों को अपने मोबाइल नंबर हज सुविधा एप पर पंजीकृत करना अनिवार्य होगा, ताकि आपात स्थिति में संपर्क किया जा सके।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
