अपनी शहादत से देश के लिए जीना सिखा गए भगत सिंह

Spread the love

– गोपी राधा बालिका इंटर कॉलेज में मनाई गई शहीद भगत सिंह की जयंती
– विकसित भारत 2047 : युवाओं की भूमिका विषय पर विविध प्रतियोगिता आयोजित
वाराणसी
/ रवींद्रपुरी स्थित गोपी राधा बालिका इंटर कॉलेज में शनिवार को अमर शहीद भगत सिंह की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के उप प्रबंधक डॉ अभिनव भट्ट ने छात्राओं को भगत सिंह के बारे में रोचक जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि 23 साल पांच महीना 26 दिन के अमर युवा देश को नई दिशा दिखा गए। बहुत कम लोगों को भगत सिंह का पूरा नाम या उनका जन्मदिन याद होगा, लेकिन उनकी फांसी का दिन बच्चे बच्चे को पता होता है। सरदार भगत सिंह संधू जैसे अनेक अमर शहीदों ने अपने जीवन को नहीं बल्कि मृत्यु का श्रृंगार किया है। उन्होंने कहा कि दुनिया के इतिहास में भगत सिंह राजगुरु और सुखदेव का एकमात्र मृत्युदंड है जिन्हें निर्धारित समय से लगभग 11 घंटे पहले फांसी दी गई। फांसी के बाद भी उनकी लाश परिवार को नहीं दी गई। अंग्रेजों ने उनकी लाश के 18 टुकड़े किये और मिट्टी का तेल छिड़क आग लगा दी।

उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने अपनी शहादत देकर हमें देश के लिए जीना सिखाया है।

शहीद भगत सिंह की जयंती पर विद्यालय में विकसित भारत 2047 : युवाओं की भूमिका विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई गईं। कक्षा 1 से 5 में फैंसी ड्रेस, कक्षा 6 से 8 चित्रकला एवं कक्षा 9 से 12 में निबंध प्रतियोगिता आयोजित हुईं। इस अवसर पर निदेशिका डॉ शालिनी शाह ने बताया कि भारत की स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष को ये सभी बच्चे देखेंगे। उस समय का भारत भव्य बने इसके लिए इन्हें मानसिक रूप से तैयार करना हमसब की जिम्मेदारी है। इसी कड़ी में शहीद भगत सिंह की जयंती पर स्कूल की एनसीसी छात्रा कैडेट्स द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती नीति जायसवाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सुश्री स्मृति साह, कोऑर्डिनेटर श्री रत्नेश गोविंद ने सभी प्रतिभागी बच्चों को सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *