सी.एस.आर. पहल के अंतर्गत परियोजना प्रभावित ग्रामों के साथ रंगों और लोकसंस्कृति का उत्सव

औरैया। एनटीपीसी औरैया परियोजना में होली पर्व के पावन अवसर पर 28 फरवरी 2026 को कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) नीति के अंतर्गत परियोजना प्रभावित ग्रामों – जमुहाँ, बैसुंधरा, कैंजरी तथा परवाहा के ग्रामवासियों के लिए भव्य फाग गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह सांस्कृतिक आयोजन टाउनशिप परिसर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस खेल मैदान में उत्साह एवं उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।फाग गायन कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी औरैया, श्री शुभाशीष गुहा द्वारा किया गया। तदोपरांत, फाग गायन कार्यक्रम के यादगारस्वरूप चारों गाँवों के प्रधानों एवं गायन मंडली के संचालकों द्वारा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, परियोजना प्रमुख एनटीपीसी औरैया, श्री शुभाशीष गुहा को गुलाल से तिलक कर अभिनंदन किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। एनटीपीसी सदैव स्थानीय समुदाय के साथ मिलकर उनके सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास हेतु प्रतिबद्ध रहा है।
चारों ग्रामों की फाग गायक मंडलियों ने पारंपरिक लोकधुनों एवं ब्रज की रसमयी फाग प्रस्तुतियों से संपूर्ण वातावरण को होलीमय बना दिया। ढोलक, मंजीरा और पारंपरिक स्वरों की मधुर संगति ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। ग्राम प्रधानों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक विशेष बना दिया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्षगण, वरिष्ठ अधिकारीगण, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारीगण, जागृति महिला मंडल की पदाधिकारी एवं सदस्याएँ, कर्मचारीगण एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। परियोजना एवं ग्राम समुदाय के बीच आत्मीय संवाद और सौहार्द का सुंदर उदाहरण इस आयोजन में देखने को मिला।
कार्यक्रम का उद्देश्य –
परियोजना प्रभावित ग्रामों के साथ सामुदायिक सहभागिता को सुदृढ़ करना।
स्थानीय लोकसंस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण एवं प्रोत्साहन को बढ़ावा देना।सामाजिक समरसता एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करना।
एनटीपीसी एवं ग्राम समुदाय के मध्य सकारात्मक संवाद एवं विश्वास को और सशक्त बनाना।
यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एनटीपीसी औरैया की सामाजिक प्रतिबद्धता एवं सामुदायिक सहयोग की सशक्त अभिव्यक्ति है। होली के इस पावन अवसर पर फाग गायन ने यह संदेश दिया कि जब उद्योग और समाज साथ मिलकर उत्सव मनाते हैं, तो विकास की धारा और भी सशक्त एवं समावेशी बनती है। एनटीपीसी औरैया भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास हेतु निरंतर प्रयासरत रहेगा।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
