सैंक्टोरिया । राष्ट्र ने भारत के राष्ट्रगीत “वन्दे मातरम्” के 150 वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाया। बंकिमचन्द्र चट्टोपाध्याय द्वारा वर्ष १८७५ में रचित वन्दे मातरम् स्वतंत्रता संग्राम का आत्मा स्वर बन गया, जिसने देशभक्ति और गर्व के भाव से अनेक पीढ़ियों को प्रेरित किया।
इसके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को मान्यता देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस ऐतिहासिक वर्ष के उपलक्ष्य में राष्ट्रव्यापी समारोहों को अनुमोदित किया है। इसी क्रम में, ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा भी राष्ट्रगीत के 150 गौरवशाली वर्षों के उपलक्ष्य में ईसीएल मुख्यालय स्थित संकल्प सभागार में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सतीश झा, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी), ईसीएल, मो. अंज़र आलम, निदेशक (वित्त), ईसीएल, एवं गिरीश गोपीनाथन नायर, निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना), ईसीएल की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मुख्यालय के विभागाध्यक्षों तथा कर्मचारियों ने भी सहभागिता की। मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और एकता के प्रतीक स्वरूप, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, निदेशकों, विभागाध्यक्षों एवं उपस्थित सभी कर्मचारियों ने “वन्दे मातरम्” को अपने स्वर में सामूहिक रूप से गाया। इस अवसर पर सीएमडी, ईसीएल ने सभी कर्मचारियों से इस राष्ट्र की पहचान बन चुके अमर प्रतीक का सम्मान करने तथा इससे प्रेरणा लेकर एकता, समर्पण और शक्ति के भाव को और सुदृढ़ करने का आह्वान किया।
