एनटीपीसी सिंगरौली में क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (उत्तरी क्षेत्र) का दौरा: प्रचालन उत्कृष्टता, स्टेज–III प्रगति एवं सीएसआर पहलों को मिली नई दिशा

सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली परियोजना में एनटीपीसी के क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (उत्तरी क्षेत्र) एवं एनएसपीसीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिवाकर कौशिक का दो दिवसीय दौरा संपन्न हुआ। इस दौरान उन्होंने परियोजना की विभिन्न गतिविधियों का व्यापक अवलोकन किया तथा अधिकारियों, कर्मचारियों एवं हितधारकों के साथ सार्थक संवाद किया।
दौरे के दौरान कौशिक ने स्टेज–III परियोजना क्षेत्र, एफजीडी इकाई, यूनिट–1 के नियंत्रण कक्ष सहित संयंत्र की प्रमुख इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेज–I के कोल स्टैक यार्ड का भी अवलोकन करते हुए प्रचालन एवं अनुरक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर संदीप नायक, परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक के नेतृत्व में परियोजना टीम द्वारा प्रगति से अवगत कराया गया। सी.एच. किशोर कुमार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) तथा रश्मि रंजन मोहंती, महाप्रबंधक (परियोजना) के मार्गदर्शन में परियोजना के प्रचालन एवं विकास कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।

इसी क्रम में स्टेज–III विस्तार परियोजना में महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ भी दर्ज की गईं। क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (उत्तरी क्षेत्र) की गरिमामयी उपस्थिति में ईएसपी #9 (इलेक्ट्रोस्टैटिक प्रीसिपिटेटर) के स्ट्रक्चर इरेक्शन कार्य का शुभारंभ किया गया, जो परियोजना के क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही, पर्यावरणीय प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करते हुए एफजीडी-1ए (फ्ल्यू गैस डी-सल्फराइजेशन यूनिट) में ‘हॉट गैस-इन’ की प्रक्रिया भी उनकी उपस्थिति में सफलतापूर्वक प्रारंभ की गई। यह उपलब्धि पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन सुनिश्चित करने तथा उत्सर्जन में कमी लाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
अपने संबोधन में श्री कौशिक ने कहा कि सुरक्षा, विश्वसनीयता एवं दक्षता एनटीपीसी के प्रचालन के मूल स्तंभ हैं, और प्रत्येक कर्मचारी का दायित्व है कि वह इन्हें अपने दैनिक कार्य-व्यवहार का अभिन्न अंग बनाए। उन्होंने परियोजना टीम के समर्पण एवं उपलब्धियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी उत्कृष्टता बनाए रखने का आह्वान किया। इस दौरान परियोजना की उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं पर प्रस्तुतियाँ दी गईं। श्री कौशिक ने समग्र प्रदर्शन की सराहना करते हुए सभी को उच्च मानकों के अनुरूप कार्य करते रहने तथा सुरक्षा एवं गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।
सीएसआर के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में एनटीपीसी की सामाजिक प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। उच्च प्राथमिक विद्यालय, कौहरौल की 20 बालिकाओं को साइकिलों का वितरण किया गया, जिससे उनकी शिक्षा तक सुगम पहुंच सुनिश्चित हो सके तथा विद्यालय आने-जाने में आने वाली कठिनाइयों को कम किया जा सके। इसके अतिरिक्त चिल्का डांड एवं अंबेडकर नगर क्षेत्र के दो दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भरता एवं गतिशीलता की दिशा में सशक्त किया गया। यह पहल शिक्षा, समावेशन एवं सामाजिक सशक्तिकरण के प्रति एनटीपीसी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
दौरे के क्रम में कौशिक ने एसएमसी सदस्यों, यूनियन एवं कार्यकारी संघ के प्रतिनिधियों तथा युवा अधिकारियों के साथ संवाद कर उनके विचारों एवं सुझावों को जाना। सायंकाल सिद्धार्थ भवन में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुत कार्यक्रमों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने अतिथिगृह परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
