प्रयागराज-कानपुर खंड पर उत्तर मध्य रेलवे द्वारा की जा रही स्वदेशी ‘कवच’ प्रणाली स्थापित

 प्रयागराज । रेल संरक्षा को सुदृढ़ करने और “मेक इन इंडिया” पहल को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, उत्तर मध्य रेलवे आगामी सप्ताह के भीतर प्रयागराज और कानपुर (दोनो स्टेशन छोड़ कर)के बीच 190 रूट किलोमीटर के खंड पर स्वदेशी रूप से विकसित ‘कवच’ ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन प्रणाली को चालू करने जा रही है। यह कार्यान्वयन भारतीय रेलवे आधारभूत संरचना के आधुनिकीकरण में एक मील का पत्थर साबित होगा, जिसका मुख्य उद्देश्य मानवीय त्रुटियों को समाप्त करना और इस व्यस्त रेल खंड पर परिचालन दक्षता को बढ़ाना है।

NTPC

इस प्रणाली को चालू करने का निर्णय व्यापक तकनीकी और फील्ड परीक्षणों के बाद लिया गया है, जिसमें सिस्टम की पूर्ण विश्वसनीयता सुनिश्चित की गई है। परीक्षण चरण के दौरान 8, 16 और 22 LHB कोच वाले WAP-7 लोकोमोटिव के साथ विभिन्न कम्पोजीशन वाले रेकों का सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त, उच्च गति पर प्रदर्शन को परखने के लिए 20-कोच वाली वंदे भारत रेक का भी गहन परीक्षण किया गया। इस प्रणाली का यात्री संरक्षा के दृष्टिकोण से, चौरी चौरा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15003/15004) सहित विभिन्न ट्रेनों के माध्यम से 20,000 किलोमीटर से अधिक का पैसेंजर ट्रायल पूरा किया जा चुका है।

‘कवच’ एक अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक सुरक्षा कवच है जो रेल संचालन में संरक्षा की कई परतें जोड़ता है। यह प्रणाली मुख्य रूप से ‘सिग्नल पासिंग एट डेंजर’ को रोकने के लिए डिज़ाइन की गई है, जहाँ लोको पायलट द्वारा लाल सिग्नल की अनदेखी करने पर यह स्वतः हस्तक्षेप करती है। इसके अलावा, यदि लोको पायलट निर्धारित गति सीमा को नियंत्रित करने में विफल रहता है या आमने-सामने की टक्कर की स्थिति बनती है, तो यह प्रणाली स्वचालित रूप से आपातकालीन ब्रेक लगा देती है। यह लोकोमोटिव की गति और आवश्यक ब्रेकिंग दूरी की रियल-टाइम मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित करती है।

यह महत्वपूर्ण उपलब्धि उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह के नेतृत्व और प्रधान मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री सत्येंद्र कुमार के तकनीकी मार्गदर्शन में प्राप्त की गई है। सत्येंद्र कुमार ने स्वयं लोकोमोटिव परीक्षणों की निगरानी की ताकि सुरक्षा के सभी मानकों की पुष्टि की जा सके। 

उत्तर मध्य रेलवे के सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग की टीम के समर्पित प्रयासों और सभी संबद्ध विभागों के आपसी समन्वय ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने में अहम भूमिका निभाई है। उत्तर मध्य रेलवे आधुनिक संरक्षा तकनीकों को अपनाने और भारतीय रेलवे के संरक्षा ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है, ताकि यात्रियों के लिए ट्रेनों का संचालन पहले से कहीं अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और कुशल बनाया जा सके।प्रयागराज-कानपुर खंड पर उत्तर मध्य रेलवे द्वारा की जा रही । 

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *