वाराणसी। आध्यात्मिक नगरी वाराणसी में इन दिनों गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति देखी जा रही है। श्रद्धालु माँ गंगा के पावन तट पर स्नान एवं पूजन-अर्चन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एनडीआरएफ वाराणसी, उप महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार शर्मा के कुशल निर्देशन में गंगा घाटों पर चौबीसों घंटे उच्च सतर्कता के साथ तैनात है। बल के प्रशिक्षित एवं समर्पित बचावकर्मी किसी भी आपात स्थिति में त्वरित, प्रभावी एवं पेशेवर प्रतिक्रिया सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक जीवन की रक्षा के लिए सदैव तत्पर एवं प्रतिबद्ध हैं।


इसी क्रम में आज मीर घाट पर एक घटना घटित हुई, जब गंगा के पवित्र जल में स्नान कर रहा 18 वर्षीय युवक, जो भदोही जनपद का निवासी है, स्नान के दौरान असंतुलित होकर गंगा के गहरे जल में चला गया और डूबने लगा। घटना के समय मीर घाट पर पिकेट ड्यूटी में तैनात एनडीआरएफ के सतर्क बचावकर्मियों ने युवक को डूबते हुए देखा और बिना समय गंवाए त्वरित कार्रवाई करते हुए गहरे जल में छलांग लगा दी। तत्पश्चात युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर घाट के किनारे लाया गया तथा उसकी स्थिति सामान्य होने तक आवश्यक सहायता प्रदान की गई। एनडीआरएफ द्वारा किए गए इस त्वरित, साहसिक एवं दक्षतापूर्ण बचाव कार्य को मीर घाट सहित आसपास के अन्य घाटों पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रत्यक्ष रूप से देखा और बचाव दल की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
