धार्मिक संस्थाएं पैसा कमाने का जरिया नहीं, बल्कि श्रद्धा का स्थल है – योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश* 

NTPC

मुख्यमंत्री सख्त कहा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शनार्थियों के साथ पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार एवं दुर्व्यवस्था की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए , मंदिर एवं पुलिस प्रशासन व्यवस्था में सुधार लाएं

*श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में निर्मित दुकानों तक श्रद्धालुओं की पहुंच सुनिश्चित हो-मुख्यमंत्री* 

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के पहले दिन रविवार को सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।गोदौलिया पर निर्माणाधीन रोप-वे स्टेशन पर यात्रियों को चढ़ने उतरने की सुदृढ़ व्यवस्था के अनुसार तेजी से कार्य करने का निर्देश दिया। 

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से जोर देते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शनार्थियों के साथ पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार के साथ ही कहीं भी दुर्व्यवस्था की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने पुलिस एवं मंदिर प्रशासन को व्यवस्था में उचित सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में निर्मित दुकानों तक श्रद्धालुओं की पहुंच सुनिश्चित करने साथ ही विक्रय की जाने वाली सामग्रियों का रेट वाजिब रखा जाय। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि धार्मिक संस्थाएं पैसा कमाने का जरिया नहीं, बल्कि श्रद्धा का स्थल हैं, इसलिए श्रद्धालुओं के लिए इन स्थानों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने मैनपावर बढ़ाकर मणिकर्णिका एवं हरिश्चंद्र घाट के निर्माण कार्य में तेजी लाए जाने का निर्देश दिया।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि घाटों एवं मंदिरों के पास निर्माण कार्य के दौरान किसी भी ऐतिहासिक धरोहर का प्रत्येक दशा में संरक्षण किया जाय। नगर में सीवरेज एवं वाटर सप्लाई हेतु अमृत-2 योजनांतर्गत कार्यों को व्यवस्थित ढंग से कराए जाने का निर्देश दिया। कार्यों की सघन मॉनिटरिंग हो, इसमें कही भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि बेतरतीब कार्य न हों तथा कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों का मरम्मत प्राथमिकता पर सुनिश्चित कराया जाए। मुख्यमंत्री ने आमजन के सहूलियत को देखते हुए रोप वे का तार्किक किराया रखने को कहा। मुख्यमंत्री ने नगर की स्वच्छता को और प्रभावी बनाने के लिए मशीनों का उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने शहर में उपयुक्त स्थलों का चयन कर वहां पर व्यवस्थित तरीके से वेंडिंग ज़ोन के साथ ही नगर में कान्हा उपवन एवं स्ट्रीट डॉग सेंटर बनाए जाने हेतु  भी निर्देशित किया। उन्होंने उचित मुवायजा वितरित कर दालमंडी सड़क चौड़ीकरण का कार्य शीघ्रता से करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने विद्युत तारों के अंदरग्राउंड केबलिंग का कार्य मानक के अनुरूप कराए जाने का निर्देश दिया,ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो। गर्मी के दृष्टिगत पेयजल की समस्या कही भी नहीं होनी चाहिए। 

      कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोई भी धार्मिक क्रिया कलाप धार्मिक स्थल परिसर में ही किया जाय। कोई भी नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी। तीव्र आवाज वाले साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न हो, सड़कों को अतिक्रमण कर वाहन पार्क न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्कूली बच्चों में जागरूकता लाए जाने के उद्देश्य से उन्हें ट्रैफिक नियमों की जानकारी दिए जाने को कहा। कोडिन कफ सिरप के मामलों में अवैध कारोबार में शामिल वास्तविक जिम्मेदार लोगों पर कार्यवाही किया जाय। अवैध एवं जहरीली शराब की बिक्री कत्तई न होने पाए, यह सुनिश्चित किया जाय। शराब के अवैध टांसपोर्टेशन पर कड़ी नजर रखे। पर्व एवं त्यौहार के दृष्टिगत अवैध एवं जहरीली शराब की बिक्री कही भी न हो। सड़क सुरक्षा की नियमित बैठकें करें एवं अधिक से अधिक जागरूकता कार्यक्रम कराए। उन्होंने जनपद में होली एवं आगामी पर्वो के दृष्टिगत चाक चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम द्वारा मुख्यमंत्री के समक्ष भविष्य की प्रस्तावित परियोजनाओं के संबंध में प्रेजेंटेशन भी दिया गया। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार द्वारा जनपद में निर्माणाधीन विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जिसमें उन्होंने बताया कि वर्तमान में 74 परियोजनाएं लगभग 17 हजार करोड़ की संचालित हैं जिनके नियमित मॉनिटरिंग का लगातार कार्य किया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल द्वारा कानून व्यवस्था, गौतस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, साइबर अपराध समेत यातायात व्यवस्था की जानकारी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की गयी।

एडीजी जोन पियूष मोर्डिया द्वारा जोन की कानून व्यवस्था, साइबर अपराधों के खिलाफ कड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई, अवैध शराब कारोबार, मिशन शक्ति समेत आगामी 14 व 15 मार्च को प्रस्तावित पुलिस उपनिरीक्षक परीक्षा के बारे में जानकारी प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी गयी। बैठक में स्टाम्प राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विधायक डॉ अवधेश सिंह, डॉ सुनिल पटेल, विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, राय धर्मेंद्र सिंह, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, डीआईजी वैभव कृष्णा, विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, सीडीओ प्रखर सिंह, डीएफओ स्वाति सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *