सम्मान, स्मृतियाँ और शुभकामनाओं के साथ सीसीएल ने सेवानिवृत्त कर्मियों को दी विदाई

राँची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, राँची में आज एक भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर फरवरी, 2026 में मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले 3 कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इसके साथ ही, सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सेवानिवृत्त कर्मियों को भी उनके-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ससम्मान विदा किया गया। इस प्रकार, आज सीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से कुल 123 कर्मियों को गरिमापूर्ण विदाई दी गई। ज्ञात हो कि सीसीएल मुख्यालय के अलावा बरका-सयाल क्षेत्र से 16, पिपरवार क्षेत्र से 10, अरगड़ा क्षेत्र से 7, एनके क्षेत्र से 9, राजहरा क्षेत्र से 1, सीडब्लूएस से 3, कुजू से 4, हजारीबाग क्षेत्र से 6, बी एंड के क्षेत्र से 10, कथारा क्षेत्र से 22, ढोरी क्षेत्र से 20, रजरप्पा क्षेत्र से 10, गिरिडीह क्षेत्र से 1 तथा केंद्रीय अस्पताल, रामगढ़ से 1 कर्मी आज सेवा निवृत्त हुए।

NTPC

समारोह के दौरान सीसीएल मुख्यालय में एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, भावनाएँ एवं स्मृतियाँ साझा कीं।

मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के नाम इस प्रकार हैं- बृज मोहन रजक, लेखपाल ए-1, एम एंड एस विभाग; श्रीमती गीता सिंह, लिपिक ग्रेड-1, मानव संसाधन विभाग एवं बंधन ऊरावं, हेड सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी विभाग।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीसीएल के महाप्रबंधक (अधिकारी स्थापना/कल्याण) श्री संजय ठाकुर उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अपने संबोधन में संजय ठाकुर ने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों को उनके जीवन की अगली पारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह सीसीएल परिवार के लिए अत्यंत गर्व और संतोष का विषय है कि आप सभी ने पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ अपने सेवाकाल को सफलतापूर्वक संपन्न किया है। संगठन के प्रति आपकी प्रतिबद्धता और योगदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।उन्होंने यह भी कहा कि सेवानिवृत्ति के उपरांत भी आप अपने बहुमूल्य अनुभव और ज्ञान का उपयोग समाज के उत्थान एवं जनकल्याण के कार्यों में करें तथा जीवन के आगामी चरण में धन एवं संसाधनों का विवेकपूर्ण और जिम्मेदार प्रबंधन करते हुए एक सकारात्मक एवं संतुलित जीवन व्यतीत करें।

समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, अधिकारीगण, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *