संबलपुर, : महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) उदय अनंत काओले ने आज कंपनी की सभी श्रमिक यूनियनों से प्रबंधन को सहयोग करने की अपील की, ताकि 12 फरवरी 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल के मद्देनज़र कोयला खनन, उत्पादन एवं प्रेषण कार्य निर्बाध रूप से संचालित किए जा सकें।

इस अवसर पर कंपनी मुख्यालय में सीएमडी, एमसीएल की अध्यक्षता में संयुक्त परामर्श समिति (जॉइंट कंसल्टेटिव कमेटी–JCC) की बैठक आयोजित की गई। यह समिति शीर्ष प्रबंधन एवं यूनियन प्रतिनिधियों से युक्त कंपनी का सर्वोच्च निर्णयकारी मंच है।
उक्त बैठक में कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधन की ओर से केशव राव, निदेशक (मानव संसाधन), ए. के. बेहुरा, निदेशक (वित्त), एस के. झा, निदेशक (तकनीकी), महाप्रबंधक (औद्योगिक संबंध) सहित अन्य महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। वहीं श्रमिक संगठनों की ओर से श्री रंजन बेहरा (बीएमएस), शंकर बेहरा, एचएमएस (ओसीएमएलएफ), श्री अशोक कुमार दास (एआईटीयूसी) तथा प्रकाश जैन (सीएमओएआई) ने भाग लिया और श्रम संहिताओं से संबंधित विषयों पर अपने-अपने विचार साझा किए। बैठक के दौरान सीएमडी काओले ने औद्योगिक सौहार्द की एमसीएल की दीर्घकालिक परंपरा को रेखांकित करते हुए कहा कि कंपनी सदैव संवाद के माध्यम से कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने यूनियन नेताओं से संयम बरतने एवं परस्पर सहयोग की भावना से कार्य करने का आह्वान किया, ताकि कोयला परिचालन में किसी भी प्रकार के व्यवधान से बचा जा सके और कोयला आपूर्ति निर्बाध रह सके । इससे पूर्व, बैठक के प्रारंभिक संबोधन में निदेशक (मानव संसाधन) केशव राव ने कहा कि निर्बाध खनन एवं प्रेषण गतिविधियां न केवल कंपनी के प्रदर्शन के लिए आवश्यक हैं, बल्कि देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
