नौगढ़। जयमोहनी रेंज के पूर्वी जयमोहनी बीट क्षेत्र में अवैध लकड़ी कटान के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। रेंजर अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने आरक्षित वन क्षेत्र के ब्लॉक कक्ष संख्या अमदंहा-7 में प्रतिबंधित प्रजाति हरा खैर के वृक्षों की अवैध कटान करते हुए दो अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रामसजीवन पुत्र लालमनी तथा विकास पुत्र मुन्ना, दोनों निवासी नागनार हरैया, थाना रावर्टसगंज, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। मौके से खैर प्रजाति के पांच अदद हरे वृक्षों को काटकर बनाए गए बोटे, वन अपराध में प्रयुक्त छह साइकिल और दो कुल्हाड़ी बरामद कर रेंज कार्यालय लाया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे सोनभद्र जनपद से आकर बहुमूल्य खैर प्रजाति के वृक्षों की अवैध कटान कर उसे एकत्र करते थे और कत्था व्यापारियों तक पहुंचाते थे। प्रारंभिक जांच में यह कार्य एक संगठित गिरोह द्वारा संचालित होना प्रतीत हो रहा है। घटना में शामिल अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश के लिए मुखबिर तैनात किए गए हैं।
रेंजर अमित श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों का चिकित्सकीय परीक्षण कराकर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वन क्षेत्र में अवैध कटान और वन संपदा की चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस कार्रवाई में वन दरोगा सोमेश कुमार तथा वन रक्षक चंद्रशेखर यादव, प्रेम सिंह और मुलायम सिंह शामिल रहे।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
