स्टेशन के संचालन, नवाचार और कर्मचारी सहभागिता की व्यापक समीक्षा

सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल में 18 मार्च 2026 को सीईओ(एनएसपीसीएल) एवं क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक(उत्तर) दिवाकर कौशिक, एनटीपीसी लिमिटेड ने एनटीपीसी विंध्याचल का दौरा किया। यह दौरा स्टेशन के संचालन, नवाचार और कर्मचारी सहभागिता की व्यापक समीक्षा के उद्देश्य से आयोजित किया गया, जिसमें उत्कृष्टता पर विशेष जोर दिया गया। अपने दौरे के दौरान श्री कौशिक ने स्टेशन के विभिन्न प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। यूनिट-12 ओवरहालिंग साइट पर उन्होंने ड्राई आइस ब्लास्टिंग तकनीक से एलपी टरबाइन डिफ्यूजर ब्लेड्स की उन्नत सफाई प्रक्रिया को देखा और आधुनिक रखरखाव पद्धतियों की सराहना की। इसके अलावा उन्होंने ऐश डाइक V1, स्मॉल हाइड्रो, सूर्य नाला ब्रिज, स्टेज-III कंट्रोल रूम एवं व्यूपॉइंट तथा कार्बन-टू-मेथनॉल प्लांट का भी अवलोकन किया।

कर्मचारियों के साथ संवाद के तहत कौशिक ने एसएमसी सदस्यों के साथ विस्तृत चर्चा की, जिसमें प्लांट प्रदर्शन और परिचालन नीतियों पर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने वीएसआर ओवरहालिंग ग्रुप, युवा अधिकारियों तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद स्थापित किया और सहयोगात्मक विकास को प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर एनटीपीसी विंध्याचल द्वारा सीईओ(एनएसपीसीएल) एवं क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक(उत्तर) दिवाकर कौशिक एवं फार्मर निदेशक(मानव संसाधन), एनटीपीसी लिमिटेड सप्तर्षि रॉय के सम्मान में एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं एनटीपीसी गीत से हुआ। अतिथियों का स्वागत करते हुए परियोजना प्रमुख(विंध्याचल) संजीब कुमार साहा ने स्टेशन की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और आंतरिक प्रतिभाओं के विकास के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

सांस्कृतिक संध्या में कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों द्वारा विविध रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं। सुहासिनी संघ के वेलफेयर विंग द्वारा प्रस्तुति, डीपीएस छात्रों द्वारा रामायण नाटक तथा डी पॉल स्कूल के छात्रों द्वारा राजस्थानी लोक नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। उप महाप्रबंधक(आईटी) सौरभ बनौधा एवं उनकी टीम द्वारा बांसुरी वादन तथा अपर महाप्रबंधक(एमजीआर) मुकेश कश्यप और जूनियर आफिसर(मानव संसाधन) रवींद्र मिश्रा की मधुर प्रस्तुतियों ने वातावरण को संगीतमय बना दिया। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण यह रहा कि दिवाकर कौशिक एवं सप्तर्षि रॉय ने स्वयं भी गायन प्रस्तुत कर उपस्थित जनों को आनंदित किया, जिससे पूरे वातावरण में आत्मीयता और उत्साह का संचार हुआ। दोनों गणमान्य अतिथियों ने प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए एनटीपीसी विंध्याचल की संचालन उत्कृष्टता के साथ-साथ समृद्ध सांस्कृतिक वातावरण को बढ़ावा देने के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
