बिजली कटौती से खफा ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन कर किया चक्काजाम

बीजपुर (सोनभद्र) / स्थानीय पुनर्वास बाजार शांतिनगर रायकलोनी मोटर गैराज सहित डोडहर गाँव में एक पखवाड़े से भीषण गर्मी से बिजली आपूर्ति में कटौती से आजिज ग्रामीणों का आक्रोश एकबार फिर भड़क गया और शुक्रवार सुबह सैकडो महिलाओं बच्चों सहित ग्रामीणों ने एक साथ एनटीपीसी आवासीय परिसर के स्वागत गेट, डोडहर गेट और सिरसोती गेट पर पहुँच कर सुबह 5 बजे से जाम कर धरना प्रदर्शन पर बैठ गए।
    इस दौरान परियोजना में डियूटी जाने वाले सैकड़ो श्रमिकों की तीनों गेट बंद होने से डियूटी छूट गयी और अपने अपने घरों को वापस हो गए तो जाम के कारण बैढन बीजपुर सड़क मार्ग पर राख परिवहन में लगी सैकड़ो ट्रक और हाइवा की लंबी लाइन लग गयी।इस दौरान सड़क पर टेंट लगा कर बैठी सैकड़ों महिलाओं ,पुरुषों व बच्चों ने प्रबन्धन के खिलाफ नारे लगाए।सूचना पर बभनी एसएचओ कमलेश पाल मय फोर्स पहुँच कर धरना स्थल पर बैठे लोगों को समझाया कि मौके पर एसडीएम और सीओ दुद्धि आ रहे हैं आप लोग एक प्रतिनिधि मंडल बनाकर उनके सामने समस्या रखें, समाधान किया जाएगा। इस आश्वासन पर 6 घण्टा बाद 11 बजे तक बैठे लोगों ने धरना समाप्त किया । आरोप है कि बिजली के बगैर पानी की किल्लत से लोग जूझ रहे हैं तो भीषण गर्मी में बच्चे बुजुर्ग बीमार पड़ गए हैं।
    इस दौरान एसडीएम निखिल यादव, सीओ प्रदीप सिंह चंदेल को शिवालिक अतिथि गृह में प्रतिनिधि मंडल ने 5 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा जिसमें कहा गया है कि पूर्व की भांति एनटीपीसी से बिजली सप्लाई कराई जाए और ठेकेदार स्वयं सप्लाई की कमान सम्हाले तथा पेटी कांट्रेक्टर को कार्य से तत्काल हटाया जाए, राख परिवहन को बस्ती के बीच से न करा कर किसी और मार्ग से परिवहन कराया जाए, साथ ही ग्रामीणों को शुद्ध पानी की व्यवस्था कराई जाए। इस दौरान प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारियों ने आपस में वार्ता कर साफ शब्दों में कहा कि 549 वैध कनेक्शन धारकों को ही बिजली दी जाएगी बाकी लोग तीन दिन में यूपीपीसीएल बिजली वितरण निगम से सम्पर्क कर कनेक्शन प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी कर लें अन्यथा जैसे आपूर्ति चल रही है उससे बेहतर कर पाना सम्भव नहीं है।
    इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक मानव संसाधन बृज किशोर पांडेय,डीजीएम टीएसी मनोज रंजन, बिजली वितरण निगम पिपरी एक्सईएन ए के सिंह सहित एचआर और टीएसी के तमाम अधिकारी मौजूद थे।इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पीएसी बल सहित भारी संख्या में  पुलिस के जवान तैनात किए गए थे।

NTPC
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *