रेणुकूट। नगर पंचायत क्षेत्र के मुर्धवा मोड़ से बीजपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित बिड़ला कार्बन कॉलोनी के बाहर अब कचरे का अंबार नहीं दिखाई देगा। बिड़ला कार्बन के द्वारा इस स्थान का सुंदरीकरण कर दिया गया है, जिससे अब पूरा क्षेत्र साफ-सुथरा नजर आने लगा है। कंपनी के यूनिट हेड शिवशंकर सिंह और मानव संसाधन प्रमुख जीवन सिंह बोरा के दिशा निर्देशन में सीएसआर विभाग द्वारा यह कार्य कराया गया, बताया जाता है कि पहले यहां आसपास के दुकानदार बड़ी मात्रा में कचरा फेंक देते थे, जिसके कारण वहां गंदगी का ढेर लग जाता था। इससे मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया था, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही थी।


कुछ दिन पहले नगर पंचायत द्वारा दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया गया कि अब इस स्थान पर कोई भी कचरा नहीं फेंकेगा। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई कि यदि कोई व्यक्ति यहां कचरा फेंकते हुए पाया गया तो उससे जुर्माना वसूला जाएगा। इसके बाद नगर पंचायत ने वहां पड़े कचरे को पूरी तरह हटवाकर इस स्थान का बिड़ला कार्बन द्वारा सुंदरीकरण करा दिया गया । वहीं सड़क के ठीक सामने स्थित बिड़ला कार्बन द्वारा निर्मित सार्वजनिक शौचालय की भी कंपनी द्वारा साफ-सफाई कराई गई। शौचालय की टंकी भर जाने के कारण लोगों को काफी असुविधा हो रही थी, लेकिन अब टंकी की सफाई कराकर उसे पुनः आम लोगों के उपयोग के लिए शुरू कर दिया गया है। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस व्यवस्था से अब क्षेत्र साफ-सुथरा रहेगा और यात्रियों को भी बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
