बालोद में होगा प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी 2026 का भव्य आयोजन

 *स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया भूमिपूजन एवं शुभंकर-लोगो का अनावरण* 

रायपुर,/प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी 2026 का आयोजन बालोद जिले के डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम दुधली में 09 से 13 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। इस राष्ट्रीय आयोजन की तैयारी का शुभारम्भ आज स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव द्वारा कार्यक्रम स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना एवं भूमिपूजन के साथ किया गया। मंत्री श्री यादव ने इस अवसर पर राजकीय पशु ‘वन भैंसा’ पर आधारित शुभंकर तथा ‘विकसित युवा, विकसित भारत’ थीम पर आधारित लोगो का अनावरण भी किया।

 *15 हजार से अधिक रोवर-रेंजर होंगे शामिल* 

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी 2026 में देश के विभिन्न राज्यों से 15 हजार से अधिक रोवर और रेंजर शामिल होंगे। यह आयोजन न केवल युवाओं की सहभागिता का अद्भुत संगम होगा, बल्कि इसमें राज्यपाल, केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति कार्यक्रम की गरिमा को और अधिक बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में अनुशासन, सहयोग और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत बनाता है। उन्होंने सभी नागरिकों और विभागीय अधिकारियों से इस राष्ट्रीय कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सहयोग की अपील की।

 *वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने व्यक्त की प्रसन्नता* 

 भारत स्काउट गाइड, छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के नेतृत्व में प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह अवसर छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन ने इस वृहद राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर देने के लिए शिक्षा मंत्री का धन्यवाद व्यक्त किया और इसे सफल बनाने का आश्वासन दिया। जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव ने आभार वक्तव्य में कहा कि मातृभूमि बालोद में इतने महत्त्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन का होना अत्यंत गर्व की बात है और यह आयोजन निश्चित रूप से ऐतिहासिक और यादगार बनेगा।

 *कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण रहे उपस्थित* 

भूमिपूजन कार्यक्रम में कलेक्टर बालोद, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी , जंबूरी डायरेक्टर अमर क्षेत्री तथा स्काउट-गाइड संगठन से जुड़े अनेक अधिकारी और सदस्य सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *