मण्डलायुक्त ने मलेरिया ट्रीटमेंट कार्ड किया लॉन्च, अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधितों की होगी अहम भागीदारी

सोनभद्र। मंडल आयुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश, जिलाधिकारी बी0एन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, प्राचार्य राज्य स्वायत्तशासी चिकित्सा महाविद्यालय, एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी के द्वारा गुरुवार को संयुक्त रूप से मलेरिया ट्रीटमेंट कार्ड को लॉन्च किया गया। मण्डलायुक्त ने कहा कि मलेरिया ट्रीटमेंट कार्ड के प्रयोग से मलेरिया रोगियों का ट्रैकिंग एवं आमूल उपचार की सूचना रखना आसान हो जायेगा । सभी ब्लॉक के लैब टेक्नीशियन के द्वारा मलेरिया रोगियों का मलेरिया ट्रीटमेंट कार्ड भरा जायेगा तथा आशा के द्वारा रोगी का आमूल उपचार सुनिश्चित किया जायेगा। मलेरिया ट्रीटमेंट कार्ड के लॉच किये जाने के क्रम में मण्डलायुक्त ने मलेरिया प्रभावित जनपद सोनभद्र के लिये इस कार्ड को अत्यंत उपयोगी बताया।
जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह की अध्यक्षता में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के प्रथम चरण के सफल संचालन के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय प्रथम अंतर विभागीय बैठक आयोजित की गयी। जिसमें समस्त सहयोगी विभाग चिकित्सा, ग्राम विकास , नगर पालिका, नगर पंचायत, बेसिक, माध्यमिक शिक्षा , कृषि , पशुपालन , दिव्यांगजन सशक्तिकरण , बाल विकास पुष्टाहार, सूचना इत्यादि विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे। श्री सिंह ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान जनपद में दिनांक 01 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक तथा दस्तक अभियान दिनांक 10 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलाया जायेगा।
संचारी अभियान के अर्न्तगत् समस्त विभागों द्वारा जनजागरूकता के माध्यम से लोगों को संक्रामक रोगों से बचाव के उपाय तथा बुखार आने पर क्या करें क्या ना करें का प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक करने का कार्य किया जायेगा तथा दस्तक अभियान के दौरान आशा, ऑगनबाड़ियों के द्वारा गृह भ्रमण कर बुखार, क्षय, कुष्ठ, फाइलेरिया, आई०एल०आई० इत्यादि रोगियों की लाइन लिस्टिंग की जायेगी साथ ही कुपोषित बच्चों का चिन्हीकरण कर पोषाहार उपलब्ध कराया जायेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि स्कूलों में प्रतिदिन प्रार्थना के समय बच्चों को संक्रामक रोगों के प्रति जागरूक करें, हाथ धोने के तरीके तथा पूरी बॉह का यूनिफार्म पहने हेतु प्रेरित करें। बुखार आने पर क्या करें क्या ना करें इत्यादि विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा करें तथा समस्त प्राइमरी एवं माध्यमिक विद्यालयों में साबुन अथवा हैण्डवॉश अवश्य उपलब्ध हो। पशुपालन एवं कृषि विभाग को निर्देशित किया गया कि जनपद में स्क्रब टाइफस एवं लैप्टोस्पायरोसिस रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है जिसकी रोकथाम हेतु संचारी अभियान में लोगों को जागरूक करे। समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने अधीन ब्लॉक स्तरीय कार्यालयों जैसे-विद्यालय, ऑगनबाड़ी केन्द्र, ब्लॉक, उपकेन्द्र इत्यादि की साफ-सफाई सुनिश्चित करे। मानीटरिंग एजेन्सियों को निर्देशित किया गया कि पर्यवेक्षण के समय गाँवों में ग्राम प्रधान से अवश्य मिले तथा माइकोप्लान के अनुसार पर्यवेक्षण करें।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
