बुलंदशहर।खुर्जा उच्च ताप विद्युत परियोजना में 4.जुलाई 2025 से 19 जुलाई 2025 तक श्रमिकों को जागरूक करने हेतु 15 दिवसीय सुरक्षा सारथी मोबाइल वैन जागरूकता अभियान चलाया गया| इस अभियान का शुभारम्भ परियोजना प्रमुख कुमार शरद, कार्यपालक निदेशक (परियोजना) ने दिनांक 04.07.2025 को हरी झंडी दिखा कर किया| इस अभियान का मुख्य उद्देश्य परियोजना परिसर में कार्यरत श्रमिकों को कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों के पालन हेतु प्रेरित करना है।
इस अभियान के तहत परियोजना में कार्यरत श्रमिकों को एक विशेष रूप से सुसज्जित मोबाइल वैन में LED स्क्रीन पर ऑडियो-विजुअल माध्यम से सुरक्षा उपकरणों (हेलमेट, सेफ्टी शूज, सेफ्टी बेल्ट, सेफ्टी जैकेट) के सही प्रकार से उपयोग के बारे में बताया गया। इस अभियान के माध्यम से ऊँचाई पर कार्य करने के दौरान सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा, क्रेन संचालन और सामग्री उठाने के दौरान सावधानियाँ, सीमित स्थानों में प्रवेश की प्रक्रिया, हाउसकीपिंग, आपातकालीन तैयारी, अग्नि सुरक्षा, रासायनिक सुरक्षा और परियोजना स्थल पर वाहन एवं यातायात सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों के बारे में श्रमिकों को जागरूक किया गया।

सुरक्षा अभियान के तहत ऑडियो-विजुअल माध्यम से श्रमिकों को सुरक्षा के महत्व तथा संभावित जोखिमों के संबंध में भी जागरूक किया गया। इस अभियान में खुर्जा परियोजना में कार्यरत श्रमिक, कर्मचारी, उप ठेकेदार एवं अन्य सहयोगी स्टाफ को शामिल हुए।
परियोजना प्रमुख कुमार शरद, कार्यपालक निदेशक (परियोजना) ने अपने संबोधन में कहा, “हमारा उद्देश्य केवल विद्युत उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि हम कार्यस्थल पर ‘शून्य दुर्घटना’ के लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर हैं। यह अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।” कार्यक्रम के समापन समारोह में परियोजना प्रमुख ने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे ‘सुरक्षा पहले’ (Safety First) के सिद्धांत को अपने कार्य व्यवहार का अभिन्न हिस्सा बनाएं। इस अभियान को सफल बनाने में सुरक्षा विभाग के विजय बिष्ट (उप महाप्रबंधक), एच.एस. चौहान (सहायक प्रबंधक) एवं प्रवीण तिवारी (एचएसई अधिकारी) की महत्वपूर्ण भूमिका रही|

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
