सोनभद्र। दुद्धी ब्लॉक में करीब 1 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से कराए जाने वाले 24 विकास कार्यों की टेंडर प्रक्रिया इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय स्तर पर पारदर्शिता को लेकर सवाल उठ रहे हैं और कुछ ठेकेदारों ने प्रक्रिया को लेकर आपत्ति भी जताई है।जानकारी के अनुसार इन कार्यों में सीसी रोड, नाली निर्माण, टीन शेड, हाई मास्क लाइट समेत कई अन्य विकास कार्य शामिल हैं। ये कार्य पंचम राज्य वित्त आयोग और 15वें वित्त आयोग की योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में कराए जाने प्रस्तावित हैं।इन कार्यों के लिए 27 फरवरी 2026 को अखबार में निविदा प्रकाशित की गई थी। इसके तहत 28 फरवरी से 9 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक टेंडर फॉर्म लेने का समय निर्धारित किया गया था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 मार्च को दोपहर करीब 1 बजे तक ठेकेदारों को अपनी दरों और आवश्यक कागजात के साथ टेंडर जमा करना था।स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी रही कि टेंडर प्रक्रिया को पहले से ही मैनेज करने की कोशिश की जा रही थी। आरोप है कि कुछ ठेकेदारों पर दबाव बनाया गया कि वे फॉर्म वापस कर दें और टेंडर प्रक्रिया में हिस्सा न लें। हालांकि कुछ ठेकेदारों ने फॉर्म खरीदकर प्रक्रिया में भाग लिया।नियमों के अनुसार टेंडर के लिफाफे उपस्थित ठेकेदारों और समिति के सामने खोले जाते हैं और उसी समय कागजात की जांच की जाती है। लेकिन आरोप है कि यहां लिफाफे सभी के सामने नहीं खोले गए, जिससे पूरी टेंडर प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।कुछ ठेकेदारों का कहना है कि कई बार टेंडर प्रक्रिया में नियमों की जगह मनमानी देखने को मिलती है। उनका आरोप है कि पहले से ही यह तय कर लिया जाता है कि किसे काम दिया जाएगा और जो लोग इसका विरोध करते हैं उन्हें प्रक्रिया से अलग कर दिया जाता है।वहीं इस मामले में खंड विकास अधिकारी राम विशाल चौरसिया का कहना है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी तरह नियमों के अनुसार कराई गई है और सभी संतुष्ट हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पहले जब लिफाफे सबके सामने खोले जाते थे तो एक व्यक्ति लिफाफा लेकर भागने लगा था, इसलिए अब इस तरह से प्रक्रिया नहीं की जाती।फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और टेंडर प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
