हिंदी मात्र एक संपर्क की भाषा ही नहीं, अपितु यह सुरक्षा कवच की तरह हम सब के साथ जुड़ी रहती है – ए. जे. राजकुमार

सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल परियोजना के प्रशासनिक भवन सीवी रमन सभागार में 20.03.2026 को मानव संसाधन राजभाषा अनुभाग द्वारा 88वीं राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस समिति का मुख्य कार्य परियोजना के अंतर्गत विभागों/अनुभागों में राजभाषा अधिनियम/नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करना एवं जनवरी से मार्च, 2026 की तिमाही की इस दिशा में हो रही प्रगति की समीक्षा कर आगे की कार्रवाई के लिए मार्गदर्शन करना है।

राजभाषा कार्यान्वयन समिति की यह बैठक महाप्रबंधक(प्रचालन एवं अनुरक्षण) ए जे राजकुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) ए जे राजकुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि हिंदी मात्र एक संपर्क की भाषा ही नहीं, अपितु यह सुरक्षा कवच की तरह हम सब के साथ जुड़ी रहती है और हमें कई भयानक बाधाओं से भी बचाती है। उन्होंने अपने व्याख्यान में मुगल शासकों एवं अन्य आक्रांताओं द्वारा भारत पर आक्रमण के दौरान दक्षिण भारत को बचाए रखने एवं चीन जापान का उदाहरण देते हुए कहा कि भाषा हमें हर तरह से हर संकट से बचाती है और हमें केवल किसी एक भाषा का ही नहीं, बल्कि अन्य सभी भाषाओं का ज्ञान प्राप्त करना चाहिए एवं उनका सम्मान करना चाहिए। हिंदी उन सभी भाषाओं में श्रेष्ठ है, इसलिए हमें इस पर अधिक ध्यान देना है। हिंदी हमारे देश की राजकाज की भाषा है और विंध्याचल ‘क’ क्षेत्र में होने के कारण हमारा दायित्व है कि हम हिंदी के विकास के लिए मिलजुल कर कार्य करें।
बैठक के आरंभ में सर्वप्रथम मानव संसाधन प्रमुख(विंध्याचल) श्रीमती रूमा दे शर्मा द्वारा महाप्रबंधक(प्रचालन एवं अनुरक्षण) ए जे राजकुमार, महाप्रबंधक(मेंटीनेंस एवं एडीएम) एम सुरेश, महाप्रबंधक(प्रचालन एवं एफ एम) एस के सिन्हा, अपर महाप्रबंधक(मानव संसाधन) श्रीमती मृणालिनी, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीमती कामना शर्मा, अन्य अपर महाप्रबंधकगण एवं राजभाषा कार्यान्वयन समिति के नोडल अधिकारियों का अभिनंदन किया गया। तत्पश्चात सहायक राजभाषा अधिकारी कल्याण सिंह द्वारा जनवरी से मार्च, 2026 तिमाही के दौरान राजभाषा अनुभाग की विशिष्ट उपलब्धियों की जानकारी व विगत बैठक के दौरान लिए गए विभिन्न निर्णयों की वस्तु स्थिति से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मानव संसाधन राजभाषा अनुभाग द्वारा आयोजित हिन्दी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। अंत में बैठक का समापन अपर महाप्रबंधक(मानव संसाधन) श्रीमती मृणालिनी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
