सोनभद्र। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस की बभनी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला बदर, हिस्ट्रीशीटर और टॉप-टेन सूची में शामिल एक सक्रिय अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

थाना बभनी की टीम ने 11 फरवरी 2026 की रात करीब 10:25 बजे मुखबिर की सूचना पर बभनी तिराहे के पास से नियाज पुत्र लल्ले, निवासी ग्राम बड़होर, थाना बभनी (उम्र लगभग 30 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ थाना बभनी में मु0अ0सं0 24/2026 के तहत धारा 10 उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है।गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी गंभीर रहा है। वर्ष 2019 में वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास (धारा 307 भादवि) और पशु क्रूरता अधिनियम का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा फतेहपुर, भदोही और सोनभद्र में पशु क्रूरता अधिनियम तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मामले दर्ज हैं।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव, उपनिरीक्षक शिवमूरत यादव, हेड कांस्टेबल प्रदीप सिंह और हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार यादव शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और चिन्हित अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
