एनटीपीसी अंता में हितधारकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित

बारा । एनटीपीसी अंता द्वारा विभिन्न हितधारकों के साथ समन्वय एवं संवाद को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण हितधारक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधियों, व्यापारिक सहयोगियों, संविदाकारों, आपूर्तिकर्ताओं एवं एनटीपीसी अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
बैठक की अध्यक्षता परियोजना प्रमुख अनिल बवेजा ने की। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि सतत विकास केवल उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं सहयोगात्मक कार्यसंस्कृति के माध्यम से ही इसे सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि एनटीपीसी अंता विश्वसनीय एवं पर्यावरण अनुकूल विद्युत उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, विशेषकर सौर ऊर्जा प्रधान परिदृश्य में ग्रिड स्थिरता बनाए रखने में इसकी भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। परियोजना की ब्लैक स्टार्ट क्षमता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रिड फेल होने की स्थिति में उसे पुनर्जीवित करने हेतु नियमित संयुक्त अभ्यास आयोजित किए जाते हैं।

परियोजना प्रमुख ने जानकारी दी कि एनटीपीसी अंता ने विगत 17 वर्षों से अधिक समय तक सुरक्षित एवं निर्बाध संचालन का उल्लेखनीय रिकॉर्ड बनाए रखा है। उत्कृष्ट सुरक्षा प्रदर्शन के लिए परियोजना को एनटीपीसी स्वर्ण शक्ति पुरस्कार (गैस स्टेशन श्रेणी), राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद पुरस्कार, राजस्थान राज्य सुरक्षा पुरस्कार, ब्रिटिश सेफ्टी काउंसिल पुरस्कार तथा ग्रीन एनवायरो फाउंडेशन द्वारा गोल्ड अवॉर्ड सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुए हैं। साथ ही 90 मेगावाट अंता सोलर परियोजना के रिकॉर्ड समय में सफल निष्पादन हेतु स्वर्ण शक्ति पुरस्कार (प्रोजेक्ट एग्जीक्यूशन श्रेणी) भी प्राप्त हुआ है।
परियोजना प्रमुख ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि “शून्य क्षति” हमारा सामूहिक लक्ष्य है। सभी हितधारकों से अपेक्षा की गई कि वे सुरक्षा मानकों, गुणवत्ता एवं नैतिक आचरण का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान उपस्थित सभी हितधारकों से खुलकर सुझाव एवं फीडबैक भी प्राप्त किए गए, ताकि एनटीपीसी अंता अपनी कार्यप्रणाली एवं सेवा गुणवत्ता को और अधिक प्रभावी एवं उत्तरदायी बना सके। प्राप्त सुझावों को भविष्य की कार्ययोजना में सम्मिलित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई, जिससे पारदर्शिता एवं सहभागी प्रशासन को और सुदृढ़ किया जा सके।
नैगम सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत संचालित विभिन्न पहलों की जानकारी भी साझा की गई। इनमें बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM), ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता, मेगा नेत्र शिविर, वृक्षारोपण तथा शाहाबाद क्षेत्र में सहरिया समुदाय के लिए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सहयोग कार्यक्रम शामिल हैं। इन पहलों के माध्यम से एनटीपीसी अंता क्षेत्रीय विकास एवं सामुदायिक सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निरंतर प्रदर्शित कर रहा है। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक (प्रचालन) विपिन कुमार देशमुख, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) दिलेर सिंह कुहाड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंबुज कुमार, एसीसीआईएफ सुभाष चंद्र सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
