बोकारो । इस्पात संयंत्र के हॉट स्ट्रिप मिल (एचएसएम) में आज दिनांक 02 मार्च 2026 को पांचवीं ‘निष्ठा’ (Nurturing Inclusive, Safe and Harassment Free Workplace through Training and Awareness) कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया. इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य कार्यस्थल पर समावेशी, सुरक्षित और उत्पीड़न मुक्त वातावरण को बढ़ावा देना है. कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन मुख्य महाप्रबंधक (हॉट स्ट्रिप मिल) प्रदीप कुमार वर्मा द्वारा किया गया.

कार्यशाला का संचालन सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री शिप्रा एन. हेम्ब्रम एवं वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री सुष्मिता सोरेन द्वारा किया गया. सत्र के दौरान उन्होंने कार्यस्थल की प्रमुख नीतियों और जागरूकता के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला. कार्यशाला में ‘पॉश’ (कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न की रोकथाम) के प्रावधानों के साथ-साथ कंपनी की विभिन्न महत्वपूर्ण नीतियों जैसे मातृत्व अवकाश, पितृत्व अवकाश, बाल देखभाल अवकाश (चाइल्ड केयर लीव) और लघु परिवार योजना (स्मॉल फैमिली स्कीम) के बारे में जानकारी साझा की गई. वक्ताओं ने महिला कर्मियों के लिए उपलब्ध सहायक उपायों, जैसे लघु कार्य अवधि योजना (शॉर्टर वर्किंग पीरियड स्कीम) और बाहरी रोजगार के अवसरों के लिए आवेदन अग्रेषित करने की प्रक्रियाओं पर भी विस्तृत चर्चा की.
इसके अतिरिक्त, महिला सशक्तिकरण और उनके करियर विकास की दिशा में विशेष पहलों जैसे ‘सखी पोर्टल’ (SAKHI Portal) और ‘महिला नेतृत्व विकास कार्यक्रम’ (Women Leadership Development Programme) के बारे में भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया. इन सत्रों के माध्यम से कर्मचारियों को उनके अधिकारों, उत्तरदायित्वों और कार्यस्थल पर सम्मानजनक आचरण के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रयास किया गया.कार्यक्रम के अंत में चर्चा किए गए विषयों पर आधारित एक ‘ऑन-द-स्पॉट’ प्रश्नोत्तरी (क्विज़) प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. ‘निष्ठा’ पहल के अंतर्गत आयोजित यह कार्यशाला बोकारो इस्पात संयंत्र में एक समावेशी और सुरक्षित कार्य-संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. यह आयोजन कार्यस्थल पर सुरक्षा, समानता और कार्मिकों के कल्याण के प्रति प्रबंधन की सजगता को दर्शाता है. इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कर्मचारियों के बीच आपसी विश्वास और सम्मान बढ़ता है, जो संयंत्र की समग्र उत्पादकता और एक सकारात्मक कार्य वातावरण के निर्माण के लिए अनिवार्य है.

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
