समाज में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है – निशा कुरैशी

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

NTPC

सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज ब्लाक सभागार में मंगलवार को एक्शनएड के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व और संचालन निशा कुरैशी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं और महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा तथा सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

  कार्यक्रम की संयोजक निशा कुरैशी ने अपने संबोधन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के इतिहास और उसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि महिला दिवस महिलाओं के अधिकार, सम्मान, समानता और सशक्तिकरण के लिए संघर्ष की एक महत्वपूर्ण पहचान है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए महिलाओं को अपने अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और सरकारी योजनाओं की जानकारी होना बहुत आवश्यक है।

  निशा कुरैशी ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जब महिलाएं शिक्षित, जागरूक और संगठित होती हैं तो वे अपने परिवार, समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें, अन्य महिलाओं को भी जागरूक करें और समाज में समानता और सम्मान के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ें। कहा कि एक्शनएड संस्था लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को जागरूक करने, उन्हें संगठित करने और उनके अधिकारों के लिए कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना तथा सामाजिक और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से महिला थाना रॉबर्ट्सगंज की प्रभारी सविता सरोज, एडीओ पंचायत राधेश्याम यादव, एडवोकेट गीता गौर (महिला जिला अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी), महिला थाने से इद्र गोढ, रिंकू यादव, एचआरडी कमलेश कुमार तथा एचआरडी जैस्मिन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

  महिला थाना प्रभारी सविता सरोज ने महिलाओं को संबोधित करते हुए महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विशेष रूप से साइबर क्राइम और डिजिटल अपराध के बारे में जानकारी दी तथा महिलाओं को टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि आज के समय में कई लोग मासूम लड़कियों को बहला-फुसलाकर उनके साथ गलत कार्य करते हैं, इसलिए महिलाओं और किशोरियों को जागरूक और सतर्क रहने की आवश्यकता है। एड0 गीता गौर ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कहा कि महिलाओं को किसी भी प्रकार की समस्या आने पर कानून का सहारा लेने से पीछे नहीं हटना चाहिए।

 एडीओ पंचायत राधेश्याम यादव ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न महिला सशक्तिकरण और कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी और महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान एचआरडी कमलेश कुमार ने महिलाओं को संगठन की शक्ति के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि जब महिलाएं एकजुट होकर संगठन बनाती हैं तो वे अपनी समस्याओं को मजबूती से उठा सकती हैं और अपने अधिकारों को प्राप्त कर सकती हैं। साथ ही उन्होंने महिलाओं को संपत्ति के अधिकार के बारे में भी जानकारी दी। इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे सीता देवी सुनीता देवी मीना उषा आशा राजकुमारी आदि उपस्थित हुई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *