चतरा। कुछ समाचार पत्रों में 15 मार्च 2026 को नॉर्थ करणपुरा परियोजना से संबंधित कथित स्क्रैप अनियमितताओं की खबरें प्रकाशित होने के बाद एनटीपीसी ने इस मामले में प्रेस स्पष्टीकरण जारी किया है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि समाचारों में जिस स्क्रैप सामग्री का उल्लेख किया गया है, वह एनटीपीसी की नहीं है और न ही इस मामले में एनटीपीसी की कोई भूमिका है। जारी स्पष्टीकरण में कहा गया है कि संबंधित स्क्रैप सामग्री स्क्रैप हैंडलिंग और डिस्मेंटलिंग कार्य से जुड़ी है, जो भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) द्वारा नियुक्त ठेकेदार के कार्यक्षेत्र का हिस्सा है। इस कार्य से एनटीपीसी का कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है।

एनटीपीसी ने यह भी कहा है कि कंपनी स्क्रैप निपटान से जुड़े सभी कार्यों में निर्धारित दिशानिर्देशों और संविदात्मक प्रावधानों के अनुसार पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित प्रक्रियाओं का पालन करती है। कंपनी के अनुसार इस मामले में एनटीपीसी को जोड़कर प्रकाशित की जा रही खबरें भ्रामक और तथ्यात्मक रूप से गलत हैं।
प्रेस बयान में मीडिया से अपेक्षा की गई है कि ऐसी खबरों के प्रकाशन से पहले तथ्यों का समुचित सत्यापन किया जाए, ताकि संगठन की प्रतिष्ठा पर अनावश्यक प्रभाव न पड़े। एनटीपीसी ने दोहराया कि वह अपनी सभी परियोजना गतिविधियों में पारदर्शिता, नियमों के अनुपालन और संचालन उत्कृष्टता के उच्चतम मानकों के प्रति प्रतिबद्ध है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए नॉर्थ करणपुरा परियोजना की कार्यपालक (नैगम संचार) मोहिनी कुमारी से संपर्क किया जा सकता है।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
