एनटीपीसी सिंगरौली में राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह प्रारंभ: सहभागिता, शिक्षा और सशक्तिकरण से सुदृढ़ होगी सुरक्षा

संदीप नायक, परियोजना प्रमुख ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने तथा ‘सेफ्टी फर्स्ट’ की भावना को दैनिक कार्य-संस्कृति में अपनाने का आह्वान किया

NTPC

सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली में 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस/सप्ताह-2026 का आयोजन दिनांक 05.03.2026 से 11.03.2026 तक सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा कर्मचारियों, संविदा कर्मियों और सहयोगी एजेंसियों के बीच सुरक्षित कार्य-संस्कृति को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए लोगों की सहभागिता बढ़ाएँ, उन्हें शिक्षित करें और सशक्त बनाएं” रखी गई है।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रशासनिक भवन परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसके पश्चात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सुरक्षा प्रतिज्ञा ली। इस अवसर पर संदीप नायक, परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी सिंगरौली ने अपने संबोधन में कहा कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक कर्मचारी की सोच, व्यवहार और जिम्मेदारी का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों से कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने तथा ‘सेफ्टी फर्स्ट’ की भावना को दैनिक कार्य-संस्कृति में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारियों, संविदा श्रमिकों और एजेंसी कर्मियों की सक्रिय सहभागिता, सतत प्रशिक्षण और जागरूकता के माध्यम से ही एक सुरक्षित एवं उत्तरदायी कार्य वातावरण का निर्माण संभव है।

इस अवसर पर  सी. एच. किशोर कुमार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण),  रश्मिरंजन मोहंती, महाप्रबंधक (परियोजना) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, कर्मचारी गण उपस्थित रहे।  सी. एच. किशोर कुमार ने सभी कर्मचारियों, संविदा श्रमिकों और सहयोगी एजेंसियों से आह्वान किया है कि वे कार्यस्थल पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और सुरक्षित तथा जिम्मेदार कार्य-संस्कृति के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँ।

सुरक्षा सप्ताह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें एजेंसी सुपरवाइज़रों और कर्मचारियों के लिए जॉब सेफ्टी एनालिसिस (जेएसए) प्रतियोगिता, आपातकालीन प्रबंधन योजना (डीएमपी) पर प्रशिक्षण एवं सुरक्षा प्रश्नोत्तरी, चालकों और क्रेन ऑपरेटरों के लिए सुरक्षा प्रश्नोत्तरी तथा कर्मचारियों और श्रमिकों के लिए सुरक्षा गीत प्रतियोगिता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त एजेंसी श्रमिकों के लिए सुरक्षा प्रश्नोत्तरी, कर्मचारियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, पीपीई पहनने की प्रतियोगिता तथा सुरक्षा नाटिका (स्किट) का भी आयोजन किया जाएगा।

सुरक्षा विषय पर रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के लिए रंगोली, नारा, पोस्टर और पेंटिंग प्रतियोगिताएँ भी आयोजित की जाएँगी। इन प्रतियोगिताओं में कर्मचारियों, संविदा श्रमिकों तथा कर्मचारियों के बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। प्रतिभागियों को राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस-2026 की थीम पर अपने विचार रचनात्मक रूप में प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। श्रमिकों से सुरक्षा सुधार हेतु सुझाव प्राप्त करने के लिए परिसर के विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा सुझाव पेटियाँ भी स्थापित की गई हैं। यह सुरक्षा सप्ताह  के. एस. वेंकटरमन, अपर महाप्रबंधक (सुरक्षा) के संयोजन में आयोजित किया जा रहा है। सुरक्षा सप्ताह का समापन समारोह संयंत्र परिसर स्थित सुरक्षा पार्क में आयोजित किया जाएगा, जहाँ विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा तथा प्रतिभागियों के योगदान की सराहना की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *