बीएसएल में ‘मंथली सेफ्टी चैंपियन’ पुरस्कार की शुरुआत

बोकारो । स्टील प्लांट के रिफ्रैक्टरी मटेरियल प्लांट (RMP) विभाग ने संयंत्र की सुरक्षा संस्कृति को और मजबूत बनाने एवं श्रमिकों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘मंथली सेफ्टी चैंपियन ऑफ RMP’ पुरस्कार की शुरुआत की है। यह पहल विशेष रूप से संविदा श्रमिकों को सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने, सुरक्षित कार्य व्यवहार को प्रोत्साहित करने और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

NTPC

आरएमपी विभाग के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अक्टूबर 2025 माह के लिए यह पुरस्कार संविदा श्रमिक श्री देव शरण पाल को प्रदान किया गया। सुरक्षित कार्य प्रणालियों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुशासित कार्यशैली तथा कार्य के दौरान सतत सतर्कता को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (रिफ्रैक्टरी) श्री नागराजन श्रीकांत, महाप्रबंधक (आरएमपी)मुकेश कुमार सिंह सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं संविदा श्रमिक उपस्थित थे।

पुरस्कार प्रदान करते हुए मुख्य महाप्रबंधक (रिफ्रैक्टरी) श्री नागराजन श्रीकांत ने श्री देव शरण पाल के सुरक्षित कार्य दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार केवल सम्मान नहीं, बल्कि इस विश्वास का प्रतीक है कि संविदा श्रमिक हमारी सुरक्षा व्यवस्था के अभिन्न अंग हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है, और ऐसे प्रोत्साहन कार्यक्रम ‘शून्य-दुर्घटना’ लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।

पुरस्कार प्राप्तकर्ता  देव शरण पाल ने अपने कार्य में अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों तथा सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा किया और उपयोगी सुझाव भी दिए। उपस्थित अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘मंथली सेफ्टी चैंपियन’ जैसे कार्यक्रम श्रमिकों में उत्साह और सहभागिता बढ़ाने के साथ-साथ कार्यस्थल पर सुरक्षा-अनुशासन और सतर्कता को और मजबूती प्रदान करते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *